ललितपुर। विद्युत विभाग में ठेकेदारी प्रथा के माध्यम से कार्यरत सौ से अधिक कर्मियों द्वारा पांच माह से मजदूरी नहीं मिलने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए काली पट्टी बांधकर विरोध जताया। इसके बावजूद भी एक सप्ताह में मांगें पूरी न होने पर कार्यबहिष्कार की चेतावनी दी है।
उत्तर प्रदेश बिजली कर्मचारी संघ के अध्यक्ष एस.एस.पाटिल ने अधिशासी अभियंता विद्युत को एक प्रार्थना देकर अवगत कराया कि विद्युत वितरण खंड के अधीनस्थ आउट सोर्सिंग के माध्यम से एक सैकड़ा से अधिक लाइनमैन द्वारा 11 सब स्टेशनों को विद्युत आपूर्ति देने में अहम भूमिका निभाई जाती है। अपनी जान हथेली पर रखकर हर मौसम में कार्य कर यह विद्युत लाइनमैन दूसरों के घरों को रोशन करते हैं।
इसके बावजूद भी इन कर्मियों को पांच माह से ठेकेदार द्वारा मजदूरी नहीं दी गई है। हर बार ठेकेदार द्वारा इन मजदूरों से चार से पांच तक काम लेने के बाद ही एक या दो माह की मजदूरी देकर टरका दिया जाता है। इस बार इन लाइनमैन व अन्य ठेकेदारी प्रथा से रखे कर्मियों द्वारा मजदूरी पाने के लिए फिर से मोर्चा खोल दिया है। इन सभी कर्मियों का हर महीने की 15 तारीख को मजदूरी दिलाने जाने के लिए विभागीय आदेश भी हैं।
लेकिन पांच माह से भुगतान नहीं किया गया है, जिसके कारण यह सभी कर्मी भुखमरी के कगार पर आ गए हैं। मजदूरी का भुगतान नहीं किए जाने के विरोध में सभी कर्मियों ने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश बिजली कर्मचारी संघ के तत्वाधान में हाथ में काली पट्टी बांधकर कार्य करते हुए भुगतान दिलाने की मांग करते हुए विरोध जताया। विरोध प्रदर्शन के बावजूद भी एक सप्ताह में भुगतान नहीं होने की दशा में सभी कर्मियों ने कार्यबहिष्कार करते हुए कार्य बंद करने की चेतावनी दी है। ठेकेदार की इस प्रणाली से कर्मियों में रोष व्याप्त है। बिजली कर्मचारी संघ ने अधिशासी अभियंता को एक प्रार्थना पत्र देकर मार्च से जुलाई माह तक का संविदाकार से भुगतान कराने की मांग की है। ताकि लाइनमैन कर्मियों को रक्षाबंधन पर्व आने से पूर्व राहत मिल सके।