संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। ग्रामीण क्षेत्रों में बिक रही अवैध शराब के खिलाफ महिलाओं का आक्रोश बढ़ता ही जा रहा है। शनिवार की दाेपहर को थाना जखौरा अंतर्गत ग्राम घिसौली की आधा दर्जन से अधिक महिलाएं पुलिस कार्यालय पहुंची। यहां उन्होंने एक प्रार्थना पत्र एसपी को दिया।
एसपी को दिए प्रार्थना पत्र में महिलाओं ने बताया कि उनके गांव में अवैध रूप से शराब बेची जा रही है। आसानी से गांव में मिलने वाली शराब का सेवन उनके परिजन कर रहे हैं और उन लोगों के साथ मारपीट करते हैं। साथ ही शराब पीने के लिए घर का सामान और अन्य चीजों को बेच देते हैं। जिस कारण उनका परिवार बर्बादी की कगार पर पहुंच रहा है। बच्चों की पढ़ाई लिखाई भी प्रभावित हो रही है। महिलाओं ने यह भी बताया कि जब वह लोग गांव में अवैध शराब बेचने वालों को मना करते हैं, तब वह उनके साथ गाली गलौज करते हैं और धमकी देते हैं। महिलाओं ने एसपी को दिए प्रार्थना पत्र में गांव में अवैध शराब बिक्री बंद करवाने की मांग की है।