ललितपुर। थाना जखौरा अंतर्गत गाम थनवारा की एक महिला की झांसी के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान झांसी में मौत हो गई। मायका पक्ष के लोगों ने मामले को संदिग्ध बताते हुए जांच की मांग उठाई है। इस पर गांव में विवाद की स्थिति बन गई। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंच शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ग्राम थनवारा निवासी विमलेश (27) पत्नी गोटीराम के बीमार होने पर ससुराल पक्ष के लोग बृहस्पतिवार को जिला अस्पताल ले गए, जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे मेडिकल कॉलेज झांसी में इलाज कराने की सलाह दी। ससुरालियों द्वारा बहू विमलेश का झांसी में एक निजी चिकित्सालय में इलाज कराया, जहां उसकी मौत हो गई। परिजन मृतका के शव को लेकर गांव थनवारा पहुंच गए और मृतका के अंतिम संस्कार की तैयारी करने लगे।
इसी दौरान मृतका के मायके पक्ष के लोगों ने बेटी की मौत को संदिग्ध बताते हुए ससुरालियों पर आरोप लगाए, तो गांव में विवाद की स्थिति बन गई। मायके पक्ष की ओर से 112 नंबर डायल कर पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर अंतिम संस्कार की प्रक्रिया रुकवा दी और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतका के ससुर गेंदालाल ने जहां बहू की बीमारी से मौत होना बताया है। मृतका के पिता थाना जखौरा अंतर्गत ग्राम छिपाई के मजरा पटला निवासी छोटेलाल ने बताया कि पुत्री की शादी करीब 14 साल पहले ग्राम थनवारा में हुई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि दामाद पुत्री को काफी दिनों से परेशान कर रहा था। करीब एक साल पहले दामाद ने पुत्री से मारपीट की थी, जिस पर पुत्री का एक हाथ टूट गया था। इसका मुकदमा न्यायालय में चल रहा है। बीते पांच दिसंबर को न्यायालय में पेशी थी। ससुरालियों की मांग पर पंचायत में राजीनामा की बात करके ससुराली उनकी बेटी को दीवाली के बाद एकादशी को ससुराल ले गए थे। उसकी पुत्री की मौत किन परिस्थितियों में हुई है, इसकी जानकारी के लिए पोस्टमार्टम कराया है। फिलहाल महिला की मौत किन कारणों से हुई यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।