ललितपुर/डोंगराखुर्द। नाराहट थाना क्षेत्र के जंगल में शुक्रवार को बकरियां चराने और लकड़ियां काटने गई महिला के सिर में कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी गई। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने घटना की जांच पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसपी निखिल पाठक और सीओ ने घटनास्थल का जायजा लिया।
थाना नाराहट के कस्बा नाराहट निवासी फूलबाई (45) पत्नी भगवानदास चढ़ार शुक्रवार सुबह करीब 10.30 बजे घर से करीब दो किलोमीटर दूर जंगल में बकरियां चराने गई थी। वह अपने साथ दो मोबाइल और पत्तियां और लकड़ी काटने के लिए कुल्हाड़ी भी साथ लिए थी। दोपहर में विवेकानंद इंटर कॉलेज के सामने जंगल के प्लांटेशन के निकट से गांव की ही एक महिला निकली तो उसने उसे खून से लथपथ अवस्था में महिला को अचेत पड़ा देखा। उसने कुछ दूर मौजूद उसके छोटे बेटे लखन को घटना की जानकारी दी, जिस पर लखन ने तत्काल वहां जाकर देखा तो उसकी मां मृत पड़ी थी और उसकी कुल्हाड़ी एवं दो मोबाइल में से चालू हालत का एक मोबाइल गायब था। जबकि बिना सिम वाला दूसरा मोबाइल उसके पास ही मिल गया। उसने तत्काल गांव में परिजनों और पुलिस को घटना की जानकारी दी।
जानकारी मिलने पर थाना पुलिस ने मौके पर जाकर परिजनों से पूछताछ की। परिजनों ने आशंका जताई कि महिला जो कुल्हाड़ी अपने साथ में लिए थी, वह गायब है और उन्हें आशंका है कि उसी कुल्हाड़ी से किसी ने उसके सिर में मारकर हत्या कर दी है। जानकारी मिलने पर पुलिस अधीक्षक निखिल पाठक भी मौके पर पहुंच गए और घटना स्थल का जायजा लेकर जानकारी ली। उन्होंने थाना पुलिस को सभी बिंदुओं पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। मृतक के बड़े बेटे प्रेमकुमार ने आशंका जताई कि उसकी मां जो कुल्हाड़ी पत्तियां व लकड़ी काटने को ले गई थी, उसी कुल्हाड़ी से मारकर उसकी हत्या कर दी है। मृतका के दो बेटा व दो बेटियां हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
-------
घटना की जांच की जा रही है और परिजनों की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-निखिल पाठक, पुलिस अधीक्षक।