संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। उन्नाव जिले से आई महिला ने एसपी को प्रार्थना पत्र दिया। जिसमें उसने जिले के युवक पर उसकी 19 वर्षीय पुत्री को अपने साथ ले आने का आरोप लगाया। एसपी ने इस मामले में पीड़ित महिला को महिला थाना भेजा और पुलिस को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जनपद उन्नाव के निवासी महिला ने एसपी को शिकायती पत्र दिया। जिसमें बताया कि वह अपनी पुत्री की सुरक्षा को लेकर चिंतित है, उसकी पुत्री 19 अप्रैल से अपने घर से लापता है। उस समय लोक-लाज और पारिवारिक परिस्थितियों के कारण उसने किसी को घटना के बारे में नहीं बताया और पुलिस को सूचना नहीं दी। इस बीच उसे जानकारी हुई कि उसकी पुत्री को जनपद निवासी युवक अपने साथ रखे हुए है। उसे आशंका है कि उक्त युवक उसकी पुत्री के साथ गलत कृत्य कर रहा है और उसके जीवन को खतरा है। पत्र में यह भी बताया कि उसकी पुत्री अपने साथ घर से करीब एक लाख रुपये नकद व सोने की चैन व कंगन भी ले गई।
मांग की कि पुत्री को उक्त युवक के चंगुल से सकुशल बरामद करने और घर से ले जाई गई नगदी व आभूषणों की बरामदगी करवाने की कार्रवाई करें। एसपी ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए महिला थाना पुलिस को जांच कर आगे की कार्रवाई करने के निर्देश दिए।