पीड़ित ने एंटी करप्शन से शिकायत की थी कि वन विभाग छपरट क्षेत्र में लकड़ी से भरे ट्रक को निकलवाने के नाम पर उससे घूस मांगी जा रही है। इसके बाद एंटी करप्शन टीम ने जाल बिछाकार महिला वनरक्षक व वाचर को रंगे हाथ पकड़ा लिया।
बिना परमिट छूट प्रजाति की लकड़ी लदी गाड़ी निकलवाने के एवज में रिश्वत मांगने के मामले में एंटी करप्शन टीम ने वनरक्षक प्रिया कुमारी और प्राइवेट वाचर जाहर को रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। दोनों के खिलाफ कोतवाली सदर में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
विज्ञापन
शिकायत के बाद टीम ने बिछाया था जाल
महरौनी क्षेत्र के ग्राम मिदरवाहा निवासी ठेकेदार उदयपाल सिंह ने शिकायत की थी कि वन विभाग छपरट क्षेत्र में तैनात वनरक्षक प्रिया कुमारी निवासी नगला पौदा, थाना कचरौठी, हाथरस लकड़ी से भरे ट्रक को निकलवाने के लिए सात हजार रुपये प्रति ट्रक की मांग कर रही थीं, जो बाद में पांच हजार रुपये पर तय हुई। शिकायत के आधार पर भ्रष्टाचार निवारण संगठन झांसी की टीम गठित की गई। निरीक्षक शादाब खान, उदयराज निषाद व कल्पना गौतम के नेतृत्व में टीम ने शुक्रवार को जाल बिछाया। शिकायतकर्ता को केमिकल लगे नोट देकर भेजा गया। जैसे ही प्रिया कुमारी और जाहर निवासी दिगवार ने पांच हजार रुपये लिए, टीम ने दोनों को पकड़ लिया। कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों को कोतवाली सदर लाया गया, जहां उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पहले भी पकड़े जा चुके हैं वनकर्मी
14 मई 2025 को वन दरोगा राजकुमार तिवारी को भी महुआ फूल के अभिवहन परमिट के नाम पर 6500 रुपये की रिश्वत लेते हुए एंटी करप्शन टीम ने रंगेहाथ गिरफ्तार किया था।