संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। बानपुर थाना क्षेत्र के वीर गांव निवासी अतीस पाल की पत्नी रोशनी (23) की शुक्रवार की देर रात संदिग्ध हालात में मौत हो गई। ससुराल पक्ष के लोग मौत की वजह नहीं बता पा रहे हैं जबकि महिला के मायके वालों ने हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई होगी।
रोशनी के जेठ राममिलन ने बताया कि शुक्रवार रात वह खाना खाने के बाद अपने पति और चार माह के बच्चे के साथ कमरे में सोने चली गई थी। परिवार के कई सदस्य खेत पर चले गए थे। देर रात बच्चे की रोने की आवाज सुनकर पत्नी को जगाने की कोशिश की तो वह नहीं उठी। यह देखकर उसने अपनी मां और परिजनों को इस बात की जानकारी दी। इसके बाद रोशनी को मध्य प्रदेश के टीकमगढ के जिला अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।सूचना के बाद पहुंचे मायके वालों ने हत्या के आरोप लगाए हैं। मायके वालों की सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रोशनी के भाई राघवेंद्र ने बताया कि उसकी बहन रोशनी की शादी तीन वर्ष पूर्व हुई थी। शुक्रवार की रात को रोशनी के ससुराल वालों ने फोन करके बताया कि उसकी तबीयत खराब है। राघवेंद्र ने आरोप लगाया कि ससुरालीजन उसकी बहन को प्रताड़ित करते थे। मायके बात करने पर रिकार्डिंग कर सुनते थे कि वह क्या बात करती है। आरोप लगाया कि ससुरालीजनों ने उसकी बहन की हत्या कर दी है। वहीं पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की वजह साफ होगी। रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई होगी।