संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। संदिग्ध परिस्थिति में महिला की मौत हो गई। परिजन ने अज्ञात कारण के चलते फंदे से लटक कर जान देना बताया। वहीं, मृतका के भाई ने ससुरालीजनों पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है।
थाना नाराहट अंतर्गत ग्राम देनपुरा निवासी शीला (38) पत्नी वीर सिंह पटेल शुक्रवार को घर के अंदर रस्सी से लटकती मिली। परिजन उसे लेकर महरौनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजन के मुताबिक शुक्रवार को शीला घर पर थी, जबकि वे लोग फसल की कटाई करने गए थे। पति वीरसिंह अपनी दवा कराने अर्जुन खिरिया गया हुआ था। वीर सिंह जब कुछ देर बाद लौटकर घर आया तो दरवाजे बंद मिले। काफी आवाज देने के बाद भी जब दरवाजे नहीं खुले तो वीर सिंह ने दरवाजा तोड़ दिया। अटारी पर पहुंचा तो म्यांरी से फंदे से शीला लटक रही थी। आनन फानन उसने शीला को नीचे उतारा और महरौनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। मृतका के मायके पक्ष वाले भी मौके पर पहुंच गए।
मृतका के भाई बबलू पटेल ने बताया कि शीला की शादी करीब 19 वर्ष पूर्व हुई थी। उसके दो पुत्र हैं। उसने ससुरालीजन पर बहन शीला के साथ मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है। थाना नाराहट प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारण का पता चलेगा।