संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। पति के साथ मायके से ससुराल जाते समय 37 वर्षीय विनीता निवासी ग्राम लचारा जनपद विदिशा मध्य प्रदेश ग्राम बम्हौरीवंशा के पास बाइक से नीचे गिर गई। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई और मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की।
मृतका के देवर राजेंद्र सिंह ने बताया कि उसकी भाभी विनीता करीब एक सप्ताह पूर्व अपने मायके महरौनी के ग्राम सिलावन अपनी दो पुत्रियों 11 वर्षीय यशोदा व चार वर्षीय पलक के साथ आई थी। रविवार को विनीता का पति सुरजन सिंह उसे लेने के लिए बाइक से ग्राम सिलावन पहुंचा। सोमवार की सुबह सुरजन अपनी पत्नी विनीता और दो पुत्रियों को बाइक पर बैठाकर घर ग्राम लचारा के लिए रवाना हुआ। बालाबेहट के ग्राम बम्हौरीवंशा के पास पहुंचे थे। तभी सड़क पर खड़े मवेशी के पास से निकलते समय बाइक पर बैठी विनीता बाई का पैर मवेशी से टकरा गया। जिससे वह बाइक से नीचे गिर गई और घायल हो गई। राहगीरों की मदद मेडिकल कॉलेज पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनुराग अवस्थी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।