संवाद न्यूज एजेंसी
बार/ललितपुर। तेज हवा और बारिश के दौरान उखड़कर गिरे आम के पेड़ के नीचे दबने से 55 वर्षीय महिला की मौत हो गई। वह खेत पर बकरियां चराने गई थी और बारिश से बचने के लिए पेड़ के नीचे खड़ी हो गई थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना बार क्षेत्र के ग्राम सेमरा भागनगर निवासी सरजू बाई (55) बृहस्पतिवार को अपने पति चुन्नीलाल के साथ खेत पर बकरियां चरा रही थीं। दोपहर करीब साढ़े तीन बजे अचानक मौसम खराब हो गया और तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गई। बारिश और हवा से बचने के लिए दोनों अलग-अलग पेड़ों के नीचे जाकर खड़े हो गए।
बताया गया कि सरजू बाई एक आम के पेड़ के नीचे खड़ी थीं। इसी दौरान तेज हवा के कारण पेड़ जड़ समेत उखड़कर उनके ऊपर गिर पड़ा। इससे वह पेड़ की डालियों के नीचे दब गईं। घटना देख आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और उन्हें बाहर निकालने का प्रयास किया। सूचना मिलने पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। काफी मशक्कत के बाद डालियां हटाकर महिला को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।सूचना पर थाना बार पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतका अपने पीछे दो पुत्र छोड़ गई हैं। थाना प्रभारी निरीक्षक रमेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आवश्यक कार्रवाई की गई है।