ललितपुर। थाना जखौरा कस्बा स्थित पेट्रोल पंप के पास कार पलटने से एक महिला की मौत हो गई, जबकि उसमें सवार तीन अन्य लोग गंभीर रुप से घायल हो गए। पुलिस ने महिला का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना जखौरा के ग्राम नैनवारा निवासी राजबाई(50) पत्नी गब्बूलाल मंगलवार की रात को अपने पुत्र की ससुराल में अन्य परिजनों के साथ गई थीं। करीब आठ बजे ललितपुर से ग्राम नैनवारा लौटते समय गाड़ी एक्सयूवी 500 (यूपी 14 बीएन 1011) तेज रफ्तार में अनियंत्रित होकर अचानक पलट गई, जिससे उसमें बैठे सभी लोग घायल हो गए। घायलों में रामनरेश (23) पुत्र नाहर सिंह, प्रेमनारायण (32) पुत्र गब्बूलाल एवं राकेश (37) पुत्र रामप्रसाद और राजबाई (50) पत्नी गब्बूलाल को एंबुलेंस से जिला चिकित्सालय लाया गया। जहां चिकित्सकों ने राजबाई को मृत घोषित कर दिया, जबकि बाकी घायलों का उपचार चल रहा है। पुलिस ने राजबाई के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।