बानपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बरायो में हुआ हादसा
पीड़िता बोली - भाई को गाली देने से नाराज होकर उठाया आत्मघाती कदम
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। घर में कमरे का दरवाजा बंदकर महिला ने खुद पर डीजल छिड़ककर आग लगा ली। वह गंभीर रूप से झुलस गई। उसे मेडिकल कॉलेज से झांसी रेफर किया गया। आत्मघाती कदम उठाने का कारण उसके भाई को गाली देना और भाईदूज पर बड़ी बहन के घर जाने से रोकना बताया गया है।
बानपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बरायो में आरती राजा (30) पत्नी संजू राजा ने मंगलवार को अपने घर के कमरे में खुद पर डीजल उड़ेलकर आग लगाई। चीख-पुकार सुनकर घर के बाहर बैठे परिजन मौके पर पहुंचे और आग बुझाई लेकिन तब तक आरती गंभीर रूप से झुलस गई थी। परिजन उसे मेडिकल काॅलेज लेकर आए।
पीड़िता ने बताया कि उसके ससुराल वाले उसके भाई को गाली दे रहे थे और उसे अपनी बड़ी बहन के यहां जाने से रोक रहे थे। इसी बात से परेशान होकर उसने आत्मघाती कदम उठाया। चिकित्सकों ने आरती की हालत गंभीर देखते हुए झांसी रेफर कर दिया। सूचना पर मध्य प्रदेश के लिधौरा निवासी मायके वाले भी आ गए थे। थानाध्यक्ष बानपुर अरुण तिवारी ने बताया कि आग से झुलसी महिला का इलाज चल रहा है। घटना को लेकर जांच की जा रही है। जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।