विधानसभा चुनाव के मद्देनजर बुधवार को मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन राजकीय इंटर कालेज के सभागार में किया गया। कार्यक्रम में राजकीय इंटर कॉलेज और नगर पालिका बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं द्वारा मतदाता जागरूकता से संबंधित गीत और एकांकी नाटक प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए डीएम ने बिना किसी भय, लोभ और दबाव के मतदान प्रक्रिया में सक्रिय रूप से भाग लेने की अपील की। वहीं, छात्र-छात्राओं द्वारा विभिन्न कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई।
अपना वोट है, अपनी ताकत की थीम पर एकांकी नाटक का प्रस्तुति छात्रों ने दी। वहीं, पीएन इंटर कॉलेज के छात्रों द्वारा मतदाता जागरूकता से संबंधित लोकगीत अतिथियों के सम्मुख प्रस्तुत किया गया। वर्णी इंटर कॉलेज के छात्रों द्वारा वाद्य यंत्रों के माध्यम से मतदाता जागरूकता से संबंधित मनमोहक गीत प्रस्तुत किए गए।
इस मौके पर जिलाधिकारी डा.रूपेश कुमार ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग तथा उप्र राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों के आयोजन का मूल उद्देश्य लोगों की मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ ही उनकी मतदान में भागीदारी बढ़ाना भी है।
उन्होंने यह भी कहा कि युवाओं की सहभागिता लोकतंत्र के इस महा उत्सव में अत्यन्त महत्वपूर्ण है तथा हर मतदाता का मत समान रूप से कीमती है। इस दौरान अपर जिलाधिकारी योगेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि युवा मतदाता स्वयं तो मतदान में भाग लें ही साथ ही परिवार तथा समाज के अन्य लोगों को भी बढ़चढ़ कर मतदान में भाग लेने हेतु प्रेरित करें। मतदाता जागरूकता कार्यक्रम के दौरान जिला विद्यालय निरीक्षक डा. आरपी वर्मा और जिला सूचना अधिकारी चंद्रचूड़ दुबे ने भी अपने विचार रखे।
विभिन्न इंटर कॉलेजों के छात्र-छात्राओं द्वारा बड़ी संख्या में प्रतिभाग किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेन्द्र कुमार त्रिपाठी, राबाइंका प्रधानाचार्या पूनम मलिक, पीएन इंटर कालेज प्रधानाचार्य रामस्वरूप नामदेव, नगर पालिका बालिका इंटर कालेज प्रधानाचार्या सुमनलता सोनकर, श्रीवर्णी जैन इंटर कालेज प्रधानाचार्य अजब सिंह और अन्य अध्यापक तथा अध्यापिकायें उपस्थित थे। संचालन जयशंकर प्रसाद द्विवेदी ने किया तथा आभार डीआईओएस ने जताया।