जनपद के परिषदीय विद्यालयों के प्रत्येक बच्चों को 30 जनवरी तक स्वेटर वितरित किए जाने हैं। अंतिम समय बीतने में मात्र तीन दिन का ही समय बचा हुआ है, लेकिन अभी तक विद्यालय प्रबंध समितियां मात्र 15 फीसदी ही स्वेटर बांट सकी हैं। सर्दियों का मौसम अब अपने अंतिम दिनों में चल रहा है।
जनपद में संचालित समस्त परिषदीय प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों में पढ़ने सभी छात्र-छात्राओं को सर्दी से बचाव के लिए नि:शुल्क स्वेटर वितरित कराए जा रहे हैं। जनपद के परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले लगभग 1 लाख 70 हजार 498 छात्र-छात्राओं को स्वेटर वितरित किए जाने हैं। शासन के निर्देशन पर जनपद में स्वेटर वितरण की शुरुआत 06 जनवरी से कर दी गई थी और शासन के सख्त निर्देश थे कि आगामी 30 जनवरी तक शत-प्रतिशत विद्यालयों में स्वेटर वितरण का कार्य पूर्ण कर लिया जाए। लेकिन जनपद में शासन की मंशा के अनुसार बच्चों को स्वेटर नहीं मिल सके हैं। स्वेटर वितरण की अंतिम मौहल्लत यानी 30 जनवरी बीतने में मात्र तीन का ही समय बचा है, वहीं बेसिक शिक्षा विभाग विद्यालय प्रबंध समितियां वर्तमान में मात्र 15 प्रतिशत ही स्वेटरों का वितरण करा पाई है। गौरतलब है कि स्वेटर वितरण के लिए अभी शासन ने पहली किश्त के रूप में 50 प्रतिशत धनराशि विभाग को उपलब्ध कराई है। यह धनराशि पहले सप्ताह में ही विभाग के खाते में आ गई थी और इसके बाद विभाग द्वारा समस्त विद्यालय प्रबंध समितियों के खातों में भेजी जा चुकी है। एक स्वेटर की अधिकतम कीमत 200 रुपये निर्धारित की गई है, इसके हिसाब से जनपद को 50 प्रतिशत किश्त के रूप में 1.70 करोड़ रुपये उपलब्ध कराया गया था।
इतनों को मिलने है स्वेटर
जनपद में कुल एक लाख 70 हजार 498 छात्र-छात्राओं को स्वेटर वितरित किए जाने हैं। बिरधा ब्लॉक क्षेत्र में 28,627 बच्चों, महरौनी में 24,969 बच्चों, जखौरा में 36,638 बच्चों, तालबेहट में 29,025 बच्चों, मड़ावरा में 21,898 बच्चों, बार क्षेत्र में 26,346 बच्चों और नगर क्षेत्र में 2,995 बच्चों को स्वेटर वितरित किए जाने हैं।
बिना स्वेटर वितरित किए, नहीं मिलेगा वेतन
जनपद में अभी तक मात्र 15 प्रतिशत ही स्वेटरों का वितरण हो सका है। इस पर नाराजगी व्यक्त करते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अंबरीष कुमार ने निर्देश जारी करते हुए समस्त परिषदीय विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को निर्देश किया है कि आगामी 31 जनवरी तक हर हाल में अपने-अपने विद्यालयों में स्वेटर वितरण का कार्य पूर्ण करा लें। उन्होंने सख्त निर्देश दिए हैं कि जब तक स्वेटर वितरण का कार्य पूर्ण नहीं किया जाता है, जब तक सम्बंधित विद्यालय के प्रधानाध्यापक व प्रभारी प्रधानाध्यापक का वेतन जारी नहीं होगा। इस कार्रवाई के संबंध में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने समस्त खंड शिक्षा अधिकारियों को भी निर्देशित कर दिया है।