अब परिवहन विभाग के अफसर मोबाइल ऐप से ई-चालान करेंगे। इस दौरान परिवहन अधिकारियों के वाहनों की ऑन-लाइन लोकेशन भी मिल सकेगी। इसके लिए प्रवर्तन अधिकारी को आगरा स्थित परिवहन आयुक्त कार्यालय में प्रशिक्षण दिया जाएगा।
परिवहन विभाग में अब तक वाहनों के चालान मैनुअली किए जाने की व्यवस्था है। वाहन चालकों द्वारा कई बार पारदर्शिता को लेकर सवाल खड़े किए जाते हैं। अधिकारियों व कर्मचारियों पर आरोप भी लगते हैं। लेकिन अब परिवहन विभाग वाहनों के चालान के लिए हाईटेक प्रणाली लागू कर रहा है।
सड़क सुरक्षा एवं आईटी विभाग के परिवहन आयुक्त ने प्रदेश में कंप्यूटरीकरण योजना के अंतर्गत पायलट प्रोजेक्ट के रुप में मोबाइल ऐप बेस्ड ई-चालान एप्लीकेशन व्यवस्था के लिए प्रदेश के 24 जनपदों में ललितपुर परिवहन विभाग को भी चुना है। इसके लिए सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन को एक टैबलेट और थर्मल प्रिंटर मुख्यालय स्तर से उपलब्ध करा दिए गए हैं। उक्त टैबलेट से ई-चालान किए जाएंगे। संचालन के लिए अधिकारियों को आईडी उपलब्ध कराई जाएगी, जो पासवर्ड कोड से संचालित होगी।
टैबलेट के माध्यम से परिवहन अधिकारी वाहनों के लिए ई-चालान प्रक्रिया अपना सकेंगे। इसके साथ ही प्रवर्तन अधिकारी के सचल दल के वाहन की लोकेशन भी थाना के अनुसार ऑन-लाइन दर्शायी जाएगी, जिससे अब कोई भी चालान मनमाने तरीके कहीं से भी नहीं किया जा सकेगा। पकड़े गए वाहनों का चालान निर्धारित स्थान पर ही होगा, जिसकी रिकार्डिंग परिवहन आयुक्त स्तर पर की जाएगी। इसके लिए 17 मार्च को आगरा परिवहन आयुक्त कार्यालय में एआरटीओ प्रवर्तन अधिकारी को मोबाइल ऐप से वाहनों के ई-चालान का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके बाद अधिकारियों द्वारा जनपद में उक्त मोबाइल ऐप से ई-चालान व्यवस्था का संचालन शुरु कर दिया जाएगा।
परिवहन विभाग द्वारा मुख्यालय स्तर से मोबाइल ऐप से ई-चालान के लिए टैबलेट उपलब्ध करा दिए गए हैं। संचालन के लिए 17 मार्च को आगरा में प्रशिक्षण दिया जाएगा।
-सोमलता यादव, एआरटीओ प्रवर्तन।