जनता दरबार में समस्याओं से रूबरू हुए सांसद, बिजली, पानी और सड़क की रहीं प्रमुख शिकायतें
फोटो- 27, 28
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। सांसद ने लोकनिर्माण विभाग के निरीक्षण भवन में जनता दरबार का आयोजन किया। सबसे ज्यादा बिजली, पानी व सड़क की समस्या आई। जनता दरबार में भाजपा कार्यकर्ता भी अपनी समस्याओं के समाधान के लिए कतार में दिखाई दिए।
इस दौरान 350 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से कई समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण करने का प्रयास किया गया। सांसद ने कहा कि जनता की सेवा और उनकी समस्याओं का निराकरण उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सरकार जनता की समस्या के समाधान के प्रति प्रतिबद्ध है। योजनाओं का लाभ जनता तक सीधे पहुंचे, यह हमारा उद्देश्य है। जिला पंचायत अध्यक्ष कैलाश नारायण निरंजन, श्रम एवं सेवायोजन राज्यमंत्री प्रतिनिधि चंद्रशेखर पंथ, नगर पालिका प्रतिनिधि मुन्नालाल जैन, प्रधान संघ के अध्यक्ष अनुपम चौबे, निखिल तिवारी, देवेंद्र गुरु, जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक मोहम्मद मुश्ताक, मुख्य विकास अधिकारी केके पांडे आदि मौजूद रहे।
-
कार्यकर्ता आम जनता पर पड़े भारी : जनता दरबार आम जनता के लिए लगाया गया था, लेकिन यहां भाजपा कार्यकर्ता अपनी समस्या लेकर बैकडोर से सबसे पहले पहुंच रहे थे। जबकि, आम जनता उमस भरी गर्मी में अपनी बारी का इंतजार करती नजर आई। सुनवाहा मंडल के सेक्टर संयोजक कृष्णकांत सड़क की समस्या को लेकर आए। नगर सोशल मीडिया संयोजक अवधेश शर्मा, नगर अध्यक्ष भाजपा अनुसूचित जाति नितिन पंथ, मंडल मंत्री महरौनी भाजपा यशवंत लोधी, बूथ अध्यक्ष पटौरा खुर्द निहाल राजपूत, वरिष्ठ भाजपा नेता भगवत प्रसाद नायक, पूर्व जिला सह मीडिया प्रभारी किंचल हुंडैत, सांसद निगरानी समिति के सदस्य गब्बर अहिरवार आदि ने प्रमुख रूप से अपनी शिकायतें रखीं।
अतिवृष्टि से खराब फसलों की क्षतिपूर्ति के लिए दिया ज्ञापन
पुलवारा। ब्लॉक बार अंतर्गत ग्राम पंचायत बस्तगुवां के लोगों ने प्रधान कलावती के नेतृत्व में सांसद अनुराग शर्मा को ज्ञापन देकर अतिवृष्टि से खराब हुई फसलों की क्षतिपूर्ति राशि दिलाने की मांग की। ज्ञापन में बताया कि अतिवृष्टि से फसलों का शत प्रतिशत नुकसान हो गया है। किसान काफी परेशान हैं। क्षतिपूर्ति का सही आकलन नहीं किया गया न ही लेखपाल द्वारा किसानों का नाम क्षतिपूर्ति हेतु शासन को भेजा गया। संवाद
यह रहे प्रमुख प्रार्थनापत्र
- जखौरा सीएचसी में तैनात एक स्टॉफ नर्स ने चिकित्सक व बीपीएम पर शारीरिक व मानसिक शोषण के आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग उठाई।
- जखौरा सीएचसी में तैनात चिकित्सक डॉ हिमांशु साहू ने चिकित्सा अधीक्षक व बीपीएम पर उसके फर्जी हस्ताक्षर कर भुगतान करने के आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की।
- बुंदेलखंड सेन समाज कल्याण समिति के अध्यक्ष लखन लाल सविता, सुमत सेन, प्रदीप सेन ने हनुमानगढ़ी सेन समाज मंदिर से अवैध कब्जा हटाने की मांग उठाई है।
- थाना जखौरा अंतर्गत ग्राम ननौरा निवासी पार्वती ने गांव के दबंगों पर आरोप लगाया कि पति की मृत्यु के बाद उसकी भूमि की वरासत नहीं दर्ज होने दे रहे हैं।
- विकास खंड बार के ग्राम सिमिरिया के लोगों ने सांसद को पत्र देकर विद्युत आपूर्ति की मांग की है।