संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। जनपद में समर्थन मूल्य योजना के अंतर्गत गेहूं के 36 क्रय केंद्र खोले जाएंगे, जिस पर न्यूनतम समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीद 17 मार्च से शुरू की जाएगी। इसके लिए किसानों को अपना पंजीकरण खाद्य एवं रसद विभाग की वेबसाइट पर कराना होगा। जिलाधिकारी ने चेतावनी दी है कि यदि कोई समर्थन मूल्य से कम पर किसानों की उपज खरीदता है तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
इस बार गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य पिछले वर्ष की तुलना में 160 रुपये बढ़कर 2585 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया गया है। जबकि पिछले वर्ष गेहूं का समर्थन मूल्य 2425 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया था। अब शासन के निर्देश पर जिला प्रशासन द्वारा गेहूं खरीद की तैयारियां की समीक्षा भी की जा रही है, ताकि समय से खरीद शुरू की जा सके। जनपद में चार क्रय एजेंसियों के 36 क्रय केंद्र खोले जाने के लिए जिलाधिकारी द्वारा अनुमोदन भी कर दिया गया है।
इन क्रय केंद्र पर होगी गेहूं खरीद
जिले में इस बार गेहूं खरीद के लिए 36 क्रय केंद्रों में खाद्य विभाग के आठ केंद्र विपणन शाखा रोड़ा, बिरधा उपमंडी, महरौनी मंडी, अमरपुर मंडी, तालबेहट उपमंडी, नवीन गल्ला मंडी ललितपुर, बानपुर उपमंडी, मड़ावरा उपमंडी में खोले जाएंगे। जबकि पीसीएफ के 16 क्रय केंद्र अमरपुर मंडी, बी-पैक्स धौरीसागर, जाखलौन उपमंडी, बी-पैक्स जखौरा, बी पैक्स कैलगुवां, मड़ावरा उपमंडी, बी-पैक्स पिपरई, पूराकलां उपमंडी, रोड़ा एट अमरपुर मंडी, बरौदा उपमंडी, बी-पैक्स सुनौरा, बी-पैक्स तालबेहट, बी-पैक्स ननौरा, बी-पैक्स दैलवारा, सौजना उपमंडी, बी-पैक्स लागौन में खोले जाएंगे। जबकि नैफेड के 06 गेहूं क्रय केंद्र में ललितपुर मंडी, थनवारा मंडी, पंचौरा, अरा, ग्राम पठा, ग्राम गदयाना में भी खोले जाएंगे। इसके साथ ही भारतीय खाद्य निगम के 06 क्रय केंद्र अमरपुर मंडी, महरौनी, नवीन गल्ला मंडी ललितपुर, पीईजी बुढ़वार, मड़ावरा उपमंडी और जखौरा उपमंडी शामिल हैं।
किसानों को ऑनलाइन कराना होगा पंजीकरण
गेहूं क्रय ऑनलाइन प्रक्रिया के माध्यम से किया जाएगा, जिसके लिए कृषकों को अपना पंजीकरण खाद्य एवं रसद विभाग की बेवसाइट fcs.up.gov.in कराना होगा। पंजीकरण के लिए किसान वर्तमान मोबाइल नंबर ही अंकित कराना होगा और एसएमएस, द्वारा प्रेषित ओटीपी भरकर पंजीकरण प्रक्रिया पूर्ण करेंगे। कृषक अपना आधार संख्या, आधार कार्ड में अंकित अपना नाम आदि विवरण सही भरना होगा। आधार लिक्ड बैंक एकाउंट का पीएफएफएस पोर्टल से सत्यापन के बाद ही ही पूर्ण माना जाएगा। कृषकों का बैंक खाता सक्रिय होना आवश्यक है कि बैंक खाते में पिछले तीन महीने में लेन-देन किया गया हो। इसलिए खाते में लेन-देन अवश्य कराएं। बिक्री के समय क्रय केंद्रों पर कृषक के स्वयं उपस्थित न होने पर पंजीकरण प्रपत्र में परिवार के नामित सदस्य का विवरण एवं आधार नंबर फीड कराना अनिवार्य होगा। वहीं धान खरीद को पंजीकरण करा चुके किसानों को गेहूं विक्रय के लिए उक्त पंजीकरण को संशोधित करके पुनः लॉक कराना होागा।
किसानों को जानकारी के लिए जारी किया टोल फ्री नंबर
किसानों को गेहूं खरीद की प्रक्रिया व जानकारी के लिए टोल फ्री नं.-18001800150 या सीपी पांडेय, जिला खाद्य विपणन अधिकारी के मोबाइल नं.-8840117954 पर संपर्क कर सकते हैं।