अब तक नहीं हुआ उठान का टेंडर, पीसीएफ के क्रय केंद्रों की सभी गोदामें भरीं
पीसीएफ के 30 क्रय केंद्रों पर 20 हजार क्विंटल से अधिक की हो चुकी गेहूं खरीद
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। जनपद में गेहूं खरीद केंद्रों पर लगातार गेहूं खरीद हो रही है। अब तक क्रय केंद्रों पर साढ़े पांच हजार मीट्रिक टन से अधिक तक गेहूं खरीद हो गई है। जबकि पीसीएफ के भी तीस क्रय केंद्रों पर खरीद हो रही है और इनके सभी क्रय केंद्रों की गोदामें भर गई हैं। पीसीएफ के क्रय केंद्रों से गेहूं उठान का अब तक ठेकेदार का टेंडर नहीं हो सका है, जिसके चलते क्रय केंद्रों की गोदामों से उठान नहीं हो पाया है। इसके चलते अब इन केंद्रों पर गेहूं खरीद प्रभावित हो रही है।
जनपद में गेहूं खरीद के लिए 51 गेहूं खरीद केंद्र खोले गए हैं, जिन पर जिला एवं खाद्य विपणन विभाग द्वारा विभिन्न एजेंसियों के माध्यम से खरीद कराई जा रही है। अब तक सभी क्रय केंद्रों पर लगभग साढ़े पांच हजार मीट्रिक टन खरीद हो गई है। वहीं जनपद में पीसीएफ के भी 30 गेहूं खरीद केंद्र संचालित हो रहे हैं और इन केंद्रों पर भी खरीद की जा रही है। अब तक पीसीएफ के सभी 30 खरीद केंद्रों पर लगभग 20 हजार क्विंटल यानि लगभग 1999 मीट्रिक टन से अधिक गेहूं की खरीद की जा चुकी है। इसके चलते पीसीएफ के सभी खरीद केंद्रों की गोदामें पूरी तरह से भर चुकी हैं, लेकिन अभी तक इन गोदामों से गेहूं की उठान करने के लिए टेंडर नहीं हो सका है। इससे गेहूं की उठान नहीं हो पा रही है।
वर्जन
पीसीएफ के गेहूं खरीद केंद्रों से गेहूं उठान के लिए ठेकेदार का टेंडर नहीं हुआ है, जिसके चलते क्रय केंद्रों की गोदामाें से गेहूं की उठान नहीं हो पा रही है। इसके टेंडर के लिए 11 अप्रैल को झांसी में तारीख लगी है, उसमें टेंडर होने की संभावना है।
-अर्विन मिहिर सिंह, एआर कोऑपरेटिव।