ललितपुर। अब किसानों को खरीद केंद्र पर गेहूं बेचने के लिए अधिकारियों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। सौ क्विंटल से कम के किसान लेखपाल से ही संस्तुति करा सकेंगे। मोबाइल फोन पर संदेश से सूचना मिल जाएगी।
शासन ने किसानों को उपज का सही मूल्य देने के लिए खरीद केंद्र खोले हैं। जहां पर गेहूं का समर्थन मूल्य 1925 रुपये प्रति क्विंटल है। महामारी को रोकने के लिए लॉकडाउन किया गया है। खरीद केंद्रों पर अधिक भीड़ न हो, इसके लिए शासन ने ऑनलाइन आवेदन और टोकन भी ऑनलाइन जारी करने की प्रक्रिया तय की है, जिससे खरीद केंद्र पर अधिक भीड़ एकत्रित न हो।
अब खरीद केंद्र पर गेहूं बेचने के लिए सौ क्विंटल से कम उपज वाले किसानों को अधिकारियों के चक्कर नहीं काटने होंगे। केवल आवेदन ऑनलाइन करके लेखपाल से रिपोर्ट लगवानी पड़ेगी, जिसके बाद लेखपाल आवेदन की फीडिंग करेंगे और उपजिलाधिकारी द्वारा जांच होगी। इसके बाद किसान के मोबाइल फोन पर केंद्र से गेहूं तौलने की तिथि की जानकारी दी जाएगी। जहां पर किसान जाकर अपनी उपज बेच सकेंगे।
-सौ क्विंटल से अधिक के किसानों को लेनी होगी अनुमति
सौ क्विंटल से अधिक उपज बेचने वाले किसानों को ऑनलाइन आवेदन के बाद लेखपाल से रिपोर्ट लगवानी होगी। इसके बाद राजस्व निरीक्षक से संस्तुति करानी होगी। फिर उपजिलाधिकारी से अनुमति लेनी होगी। इसके बाद उनके टोकन जारी किए जाएंगे।
-----------
किसानों को क्रय केंद्र पर गेहूं बेचने के लिए ऑनलाइन आवेदन कर लेखपाल से रिपोर्ट लगानी होगी। इसके बाद किसानों को मोबाइल फोन पर संदेश के माध्यम से गेहूं बेचने की तिथि दी जाएगी।
मनोज कुमार सरोज, तहसीलदार