संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। कीटनाशक पीने से शुक्रवार को महिला की मौत हो गई थी। महिला ने अपने तीनों बच्चों के सामने ही कीटनाशक पी लिया था। हालत बिगड़ने पर बच्चों ने फोन कर एक परिचित को जानकारी दी थी, इसके बाद महिला को जिला अस्पताल लाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। इससे पूर्व महिला तीन बार आत्महत्या का प्रयास कर चुकी थी।
शुक्रवार को थाना गिरार के ग्राम छोटा इकौना निवासी ललिता कुशवाहा (30) की कीटनाशक पीने से मौत हो गई थी। आत्महत्या करने से पूर्व ललिता पास के गांव में मजदूरी कर रहे पति कमलेश के पास तीनों बच्चों 8 वर्षीय पुत्र सिद्धी, 6 वर्षीय पुत्री शालिनी व तीन वर्षीय पुत्र हेमंत के साथ गई और उसे खाना दिया। यहां ललिता ने कमलेश से मड़ावरा बाजार जाने की बात कहते हुए वहां से चली गई। मड़ावरा में कीटनाशक खरीदकर वह छोटा इकौना के मजरा जमुनिया खेरा में एक सुनसान जगह पहुंची। यहां ललिता ने तीनों बच्चों को पेड़ के नीचे बैठा दिया और उनके सामने ही कीटनाशक पी लिया। जब ललिता की हालत बिगड़ी तो तीनों बच्चे घबरा गए। आठ वर्षीय पुत्र सिद्धी ने मां के मोबाइल फोन से गांव के एक व्यक्ति को घटना के बारे में जानकारी दी। उक्त व्यक्ति ने ललिता के पति व अन्य लोगों को बताया। इसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे और ललिता को जिला अस्पताल लेकर आए। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। परिजनों ने बताया कि करीब तीन वर्ष पूर्व ललिता कुएं में कूद गई थी। परिजनों और गांव के लोगों ने बाहर निकाल लिया था। दो वर्ष पूर्व चूहामार दवा का सेवन कर लिया था। मड़ावरा सीएचसी में इलाज के बाद स्वस्थ हो गई थी। करीब एक वर्ष पूर्व घर में फांसी लगा ली थी। परिजनों ने उसे फंदे से नीचे उतारकर बचा लिया था, लेकिन चौथी बार कीटनाशक पीने से उसकी मौत हो गई।
-
मां को याद कर बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल
ललिता देवी के दो पुत्र व एक पुत्री है। अपनी आंखों के सामने ही मां के कीटनाशक पीने और उसकी मौत हो जाने से तीनों बच्चों की हालत खराब है। सबसे ज्यादा परेशान छोटा पुत्र हेमंत है। वह अपने पिता व भाई-बहन से मां के बारे में पूछ रहा है।