ललितपुर। शुक्रवार को जिलावासियों ने नव वर्ष का स्वागत किया। स्वागत के लिए कोई भगवान के दर्शन करने गया तो किसी ने बुके भेंट किया। लोगों ने फोन कर एक- दूसरे को नववर्ष की शुभकामनाएं दीं। दिन भर लोगों में उत्साह रहा।
नए साल का स्वागत करने में किसी ने कोई कोर कसर नहीं छोड़ी। आधी रात के पहले से ही जश्न मनाने का सिलसिला शुरू हो गया था, जो घड़ी में बारह बजने पर चरम पर पहुंच गया। शुक्रवार को वर्ष के पहले दिन लोगों ने धार्मिक स्थलों पर जाकर माथा टेका और नया वर्ष मंगलमय हो, इसके लिए भगवान से प्रार्थना की।
शहर भर में पार्टियों का आयोजन किया गया। इन पार्टियों की मौज मस्ती की फोटो भी सोशल साइट्स पर अपलोड की गईं। शहर के तमाम मुहल्लों में युवाओं की ओर से आतिशबाजी के साथ नए साल का स्वागत किया गया।
होटलों और रेस्टोरेंट्स में नए साल के स्वागत के लिए खास इंतजाम किए गए थे। आकर्षक सजावट के बीच लोगों ने लजीज व्यंजनों का लुत्फ लिया। कहीं, परिवार के सदस्य तो कहीं दोस्तों के बीच नए साल की खुशियां साझा की गईं। नए साल की पूर्व संध्या पर पूजा स्थलों में प्रार्थनाएं और धार्मिक अनुष्ठान किए गए।
कई मंदिरों में सुंदरकांड पाठ भी हुए। श्री तुवन मंदिर, नीलकंठेश्वर धाम, अमझरा हनुमान मंदिर, बरवासन धाम आदि मंदिरों में भक्तों की भीड़ देखी गई।
शराब की बढ़ी ब्रिकी
शराब के शौकीनों ने भी अपने तरीके से नए वर्ष का स्वागत किया। सुबह से ही शराब की दुकानों पर भीड़ नजर आने लगी, जो कि शाम होने पर और बढ़ गई। आबकारी विभाग के अधिकारियों के मुताबिक सामान्य दिनों की अपेक्षा 30 से 40 फीसदी अधिक बिक्री हुई।
छुट्टी जैसा रहा माहौल
नव वर्ष के पहले दिन सरकारी कार्यालयों से लेकर आमजीवन में लगभग छुट्टी जैसा माहौल रहा। पार्कों में पिकनिक करने वालों की भीड़ देखी गई। ग्राम बंदरगुढ़ा, देवगढ़, माताटीला पार्क, कंपनी बाग में नए वर्ष के पहले दिन परिवार के साथ आए लोगों की भीड़ देखी गई।
जहां लोगों ने सुबह मंदिरों में भक्ति भाव से पूजा पाठ किया, वहीं, दोपहर में धमाल मचाया। बधाई संदेशों का आदान - प्रदान बृहस्पतिवार शाम से ही शुुरू हो गया था, जो शुक्रवार को भी जारी रहा।