तालबेहट। साधन सहकारी समिति पूराविरधा के सचिव ने गेहूं खरीद केंद्र पर काम करने वाले एक कर्मचारी पर किसान के गेहूं खरीद का पैसा सांठगांठ कर दूसरे व्यक्ति ने नाम डालने का आरोप लगाया है। केंद्र प्रभारी ने नत्थीखेड़ा चौकी पुलिस को मामला दर्ज करने के लिए शिकायती पत्र दिया है।
पूराविरधा में गेहूं क्रय केंद्र पर गांव का एक कर्मचारी काम करता है, जिसकी कारगुजारियों से किसानों के साथ-साथ वहां कार्यरत कर्मचारी तक परेशान हैं। पुलिस को दिए शिकायती पत्र में खरीद केंद्र सचिव बृजराम सिंह ने अवगत कराया कि समिति पर कार्यरत एक व्यक्ति ने पूराविरधा के रामसेवक पुत्र पंचम पटैरिया के 72 क्विंटल गेहूं को खरीदा था। जिसकी कीमत 1,38,600 रुपये का भुगतान दो व्यक्तियों के सहयोग से दूसरे युवक के बैंक खाते में भेज दिया गया। इसके अलावा गेहूं खरीद में प्रयुक्त होने वाली तीस बोरियों भी चोरी करा दीं। शनिवार को जानकारी होने पर रामसेवक पटैरिया गेहूं क्रय केंद्र पर गए। इस के बाद किसानों ने केंद्र पर हंगामा किया। उन्होंने मामला दर्ज कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है।
गौरतलब है कि वर्तमान समय में शासन द्वारा किसानों को उनकी उपज का वाजिब दाम मुहैया कराने के लिए गेहूं खरीद केंद्र खोले गए हैं। कुछ केंद्र वहां काम करने वाले कर्मचारियों और कुछ क्षेत्र में सक्रिय दलालों के कारण किसानों के लिए मुसीबत साबित हो रहे हैं।
केंद्र प्रभारी ने फोन पर अवगत कराया था। प्रभारी से पूरी जानकारी मांगी गई है। सही जानकारी कर पुलिस को दूसरा शिकायती पत्र दिया जाएगा। - बृजराम सिंह, सचिव पूराविरधा समिति
सचिव सहित अन्य उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया हैं। वास्तविक किसान के बैंक खाते में पैसा भिजवा दिया गया हैं। - प्रताप रजक, केंद्र प्रभारी विरधा
लिखित में तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर जांच के बाद जो सही होगा, उस आधार पर कार्रवाई होगी। - सत्यप्रकाश शर्मा, पुलिस चौकी प्रभारी नत्थीखेड़ा