ललितपुर। किसी भी शस्त्र से हमला करने वाले अपराधियों को भले ही कोर्ट से जमानत मिल गई हो, लेकिन अब उनपर दोबारा कार्रवाई किए जाने की कवायद चल रही है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय में इसकी सूची तैयार की जा रही है। इसमें असलहा समेत धारदार हथियार से हमला करने वालों को भी शामिल किया जा रहा है।
अपराधियों की अब खैर नहीं। पुलिस अब ऐसे अपराधियों पर दोबारा कार्रवाई करने जा रही है, जो हमला कर हत्या अथवा हत्या के प्रयास में जमानत पर चल रहे हैैं। इसमें शस्त्र से हमला करने वाले ही नहीं, बल्कि अस्त्र से हमला कर घायल करने वाले अथवा हत्या करने वाले भी शामिल हैं। ऐसा कठोर कदम इसलिए उठाया जा रहा है। इसके लिए थाना वार अपराधियों की लिस्ट तैयार की जा रही है। सभी थाना और चौकी प्रभारियों को निर्देश दिया गया है कि वे अपराधियों पर नजर रखने के साथ ही ऐसे लोगों पर कड़ी नजर रखें, जो चुनाव में अराजकता फैला सकते हों। उन्हें हर हाल में कानूनी शिकंजे में लेकर कार्रवाई करें। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार ने बताया कि शीघ्र ही जमानत पर चल रहे आरोपितों की सूची तैयार कर ली जाएगी। कई अपराधों में सम्मिलित आरोपितों पर सख्त कार्रवाई कर उन्हें दोबारा सलाखों की पीछे भेजा जाएगा। बताया कि पंचायत चुनावों में पूरी निष्पक्षता बरती जाएगी। सभी प्रभारियों को निर्देश दिया गया है कि अशांति फैलाने वालों पर कठोर कार्रवाई करें और शांति व्यवस्था बनाए रखें।