संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। रेलवे स्टेशन के मुख्यद्वार पर जल निकासी का स्थान नहीं है। इससे थोड़ी सी बारिश में वहां पर जलभराव की स्थिति बन जाती है। वर्तमान में मुख्यद्वार पर निर्माण कार्य होेने से स्थिति और भी खराब बनी हुई है।
रेलवे स्टेशन के मुख्यद्वार पर निर्माण कार्य चल रहे हैं, जिससे प्रवेश द्वार की ऊंचाई बढ़ गई है, साथ ही मुख्य द्वार के सामने जमीन नीचे हैं। इसके अलावा शहर से आने वाली सड़क व मालगोदाम की ओर से आने वाली सड़क की ढाल भी मुख्य द्वार के सामने ही है। जरा सी बारिश होने पर रेलवे स्टेशन का मुख्य द्वार के सामने जलभराव की स्थिति होती है। जिससे यात्रियों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ता है। यात्रियों को प्लेटफार्म पर प्रवेश व निकासी के समय सामान खराब होने का अंदेशा रहता है। इसलिए उन्हें अपने बैग आदि बरसात बंद होने के बाद पानी से बचाने के लिए सर पर रखना पड़ता है। मंडल रेल प्रबंधक के जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि जलभराव की स्थिति समाप्त करने के लिए निर्देश जारी किए जा चुके हैं। जल्द ही स्थिति में सुधार आएगा।