जखौरा। जखौरा क्षेत्र व ऊपरी हिस्से में सोमवार की रात को हुई बारिश से जखौरा-तालबेहट मार्ग से निकली खेडर नदी के पुल पर करीब चार फुट तक पानी भर जाने से आवागमन ठप हो गया। पुल पर पानी आने की वजह से राहगीरों और वाहन चालकों को तीन घंटे तक इंतजार करना पड़ा। पानी का स्तर कम होने के बाद ही लोगों का आवागमन शुरू हो सका।
जखौरा क्षेत्र व ऊपरी क्षेत्र में सोमवार की शाम को जमकर बारिश हुई। इससे जखौरा-तालबेहट मार्ग पर खेड़र नदी उफान पर आ गई। इस पर बने पुल पर चार फुट ऊंचाई तक पानी पहुंच गया। इससे सोमवार की शाम को लगभग साढ़े सात बजे से रात 11 बजे तक दोनों ओर से आवागमन ठप रहा। मंगलवार को दोपहर में फिर से जखौरा व उसके ऊपरी क्षेत्र में तेज बारिश होने के कारण खेड़र नदी फिर से उफान पर आ गई। इस पर बने पुल पर लगभग दो से तीन फीट ऊपर पानी कहने लगा। राहगीर व बाइक सवार जान जोखिम में डाल कर पुल पार करते रहे। इससे किसी भी समय बड़ा हादसा होने की आशंका बनी रही। क्षेत्रवासियों का कहना है कि सिरसी-ललितपुर मार्ग पर स्थित खेडर नदी का पुल काफी नीचा बना हुआ है। थोड़ी सी बारिश में ही पुल पर पानी आ जाने से आवागमन बाधित हो जाता है। इसी प्रकार जखौरा-तालबेहट मार्ग पर स्थित पुल भी नीचा होने के कारण हर वर्ष बरसात में डूब जाता है। जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।