ललितपुर। जल संस्थान शहर में पेयजल आपूर्ति की समयावधि बढ़ाने में नाकामयाब हो रहा है। इस वजह से विभिन्न मोहल्लों में पेयजल का भीषण संकट उत्पन्न हो गया है। कई मोहल्लों में दस- पंद्रह मिनट की आपूर्ति हो रही है तो कहीं पाइप लाइनों में पानी का प्रेशर नहीं है। इससे पानी घरों के अंदर लगे नलों में नहीं चढ़ रहा है। गर्मी से पहले सुबह एक घंटा पानी आता था लेकिन, अब दस मिनट की जलापूर्ति हो रही है।
गर्मी के सीजन में जलसंस्थान अपनी आपूर्ति दुरुस्त नहीं कर पा रहा है। इससे मोहल्ला आजादपुरा प्रथम, नेहरू नगर, रैदासपुरा, चौबयाना, महावीरपुरा, सरदारपुरा, मऊठाना, गोविंद नगर आदि क्षेत्रों में पेयजल समस्या विकराल रूप धारण करती जा रही है। मोहल्ला नेहरू नगर में हर साल गर्मियों के मौसम में पानी का संकट खड़ा हो जाता है। इस बार भी नेहरू नगर मोहल्ला में लोगों को पानी भरने में कठिनाई हो रही है। मोहल्लेवासी रोज सुबह से जलापूर्ति का इंतजार करते हैं। लेकिन, नलों से पांच से दस मिनट ही पेयजल आपूर्ति हो रही है। उन्हें मजबूरन हैंडपंप की ओर रुख करना पड़ रहा है।
इसकी शिकायत लोगों ने जल संस्थान के अधिकारियों से की है। विभागीय कर्मी लगभग 15 दिन से आपूर्ति में सुधार होने का भरोसा दे रहे हैं लेकिन अभी तक उनकी कोशिश महज खानापूर्ति साबित हुई है। इस वजह से नेहरू नगर में पानी के लिए त्राहि- त्राहि मची है। सुबह होते ही मोहल्ले के हैंडपंप चालू हो जाते हैं, जो देर रात्रि तक चलते रहते हैं। रात्रि में इनकी आवाज दूूर तक सुनाई देती है। मोहल्लेवासियों का कहना है कि पानी के लिए भरी दोपहरी में लोग हैंडपंप पर पानी के इंतजार में खड़े रहते हैं। छोटे- छोटे बच्चों को भी हैंडपंपों के पास पानी के लिए खड़ा होना पड़ रहा है। कई छोटे-छोटे बच्चे तपती धूप में पानी के बर्तन लेकर हैंडपंप पर पहुुंच रहे हैं। कई लोगों को मोहल्ले में साइकिल पर कुप्पा बांधकर पानी भरते देखा जा सकता है। कई स्थानों पर नलों से गंदा पानी आ रहा है। हैंडपंपों पर पहले पानी भरने के चक्कर में आए दिन विवाद हो रहे हैं। उधर, जल संस्थान के अधिकारियों के पास केवल एक ही जवाब होता है कि डोंड़ा घाट ट्रीटमेंट प्लांट ठीक काम कर रहा है, इसमें कोई खराबी नहीं है।
-----
गर्मी के सीजन में पानी की मांग बढ़ जाती है, इस वजह से लोगों को पानी कम मिल रहा है। पानी की आपूर्ति बराबर ही जा रही है।
- संजय निरंजन, अधिशासी अभियंता, जल संस्थान