ललितपुर। शहर लोअर जोन की मोटर में आई खराबी से दूसरे दिन रविवार को भी विभिन्न मोहल्लों में पेयजल का संकट बना रहा। 10-15 मिनट की आपूर्ति में लोग पीने लायक ही पानी भर पाए। अन्य घरेलू खर्च के लिए लोगों को हैंडपंप से पानी जुटाना पड़ा।
शहर को लोअर और अपर जोन में विभाजित कर जलापूर्ति की जाती है। शुक्रवार को लोअर जोन की मोटर में खराबी आ गई थी। जल संस्थान के अधिकारियों ने इसकी मरम्मत करा ली है, लेकिन इसे फिट नहीं कराया जा सका। इस कारण रविवार को जलापूर्ति सुचारु नहीं हो सकी। केवल दस से पंद्रह मिनट की जलापूर्ति हुई, जिसमें लोग पीने के लिए ही पानी जुटा पाए। बाकी पानी के लिए लोगों को हैंडपंप पर जाना पड़ा। कुछ लोग हाथ ठेला पर कुप्पा रखकर पानी भरते नजर आए तो कइयों ने साइकिल में कुप्पा बांधकर पानी जुटाया। लगातार दो दिन से पेयजल आपूर्ति बाधित होने से लोगों की परेशानी बढ़ गई। विभागीय अफसर सोमवार से जलापूर्ति ठीक होने का दावा कर रहे हैं, जिससे लोगों में विभाग के प्रति बढ़ रहे असंतोष में कमी आई है। मोहल्ला चौबयाना, श्रद्धानंदपुरा, पठापुरा, विष्णुपुरा समेत कई क्षेत्रों में पानी की परेशानी रही।
---
मोहल्ला श्रद्धानंदपुरा में पेयजल की आपूर्ति कम हो रही है। इस कारण हैंडपंप से पानी जुटाना पड़ रहा है। हाथ ठेला पर आठ-दस कुप्पा रख लेते हैं, जिससे एक बार में ही घर के लिए पानी का इंतजाम हो जाता है।
- कपूर सिंह
मोहल्ला पठापुरा में पानी की समस्या बनी हुई है। वाल्मीकि मंदिर के पास लगा हैंडपंप कई दिनों से खराब पड़ा है। विभागीय कर्मी इसे सुधारने के लिए आए थे। इस दौरान वे हैंडपंप का ऊपरी हिस्सा साथ ले गए लेकिन वापस नहीं लौटे। इस कारण हैंडपंप अभी तक सही नहीं हो सका है। प्राथमिक विद्यालय नारायणपुरा के पास लगा हैंडपंप भी खराब पड़ा है।
- बॉबी
मोहल्ला श्रद्धानंदपुरा की पेयजल समस्या का निदान नहीं हो पा रहा है। यहां न तो जलापूर्ति पर्याप्त हो रही है और न ही टैंकर से पानी उपलब्ध कराया जा रहा है। इस कारण लोगों को दूर-दूर से पानी भरना पड़ रहा है। विभागीय अधिकारी यहां की समस्या देखने के लिए कभी नहीं आते हैं।
- रिस्सू
मोहल्ला विष्णपुरा में नई पाइप लाइन बिछाने की जरूरत है। पुरानी पाइप लाइन में कई सालों से पानी नहीं आया है। इस कारण लोगों को हैंडपंप पर निर्भर होकर रहना पड़ता है। जब हैंडपंप खराब हो जाते हैं तो बड़ी समस्या हो जाती है। एक टैंकर जलापूर्ति के लिए आ रहा है, लेकिन वह नाकाफी साबित हो रहा है।
- युवराज
मोटर की मरम्मत हो गई है, जिसे फिट कर दिया गया है। सोमवार को पानी की सुचारु आपूर्ति की जाएगी।
- संजीव कुमार, अधिशासी अभियंता, जल संस्थान