ललितपुर। लंबे इंतजार के बाद कसाई मंडी स्थित छोटी टंकी का वॉल्व बदल दिया गया। खराब वॉल्व लगा होने से मोहल्ला पठापुरा, विष्णुपुरा व श्रद्धानंदपुरा में जलापूर्ति नहीं हो पा रही थी। अब वाल्व बदलने से आपूर्ति सुचारू होने की उम्मीद जताई जा रही है। उधर, शुक्रवार को लोअर जोन के कई मोहल्लों में पेयजल समस्या देखी गई।
शहर की पुरानी बस्ती मोहल्ला चौबयाना, रावरपुरा, महावीरपुरा, मऊठाना, सरदारपुरा, पुरानी बजरिया, पठापुरा, विष्णुपुरा व श्रद्धानंदपुरा में कसाई मंडी स्थित छोटी व बड़ी टंकी से जलापूर्ति की जाती है। इनमें छोटी टंकी का वॉल्व कई महीनों तक खराब रहा। इससे मोहल्ला पठापुरा, विष्णुपुरा व श्रद्घानंदपुरा की जलापूर्ति बाधित बनी रही। शुक्रवार को इस कारण छोटी टंकी पूरी क्षमता से नहीं भर पाई। ऐसे में सुबह की जलापूर्ति बुरी तरह लड़खड़ा गई। स्थानीय लोगों को सुबह से हैंडपंप तलाशने पड़े। प्राथमिक विद्यालय चौबयाना नंबर दो के पास लगे हैंडपंप पर पानी भरने वालों की भीड़ लगी रही। पुरानी बजरिया में लगे हैंडपंप पर भी भीड़ नजर आई। वॉल्व खराब होने की वजह से पाइपलाइनों में पानी का प्रेशर नहीं बनता था। ऐसे में सुबह जब आपूर्ति होती थी, तब पाइपलाइन का पानी पुरानी बजरिया से आगे नहीं पहुंच पाता था।
पिछले दिनों बारिश लगातार हुई, जिस वजह से नए वॉल्व लगाने में दिक्कत आ रही थी। मौसम साफ हुआ तो इसे लगाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। इससे पाइप लाइन में पानी का प्रेशर नहीं बनने की समस्या का समाधान हो जाएगा।
संजीव कुमार, सहायक अभियंता, जल संस्थान