कसाई मंडी टंकी का वाल्ब खराब होने से लड़खड़ाई जलापूर्ति
ललितपुर। शहर की जलापूर्ति को सुदृढ़ बनाने में विभागीय अफसर नाकाम साबित हो रहे हैं। यहां की आपूर्ति किसी न किसी कारण से आए दिन बाधित होती है। शनिवार को कसाई मंडी स्थित टंकी का वॉल्व खराब हो गया है। जिस कारण लोअर जोन के विभिन्न मोहल्लों में जलापूर्ति बाधित हो गई। उधर, गांधीनगर टंकी का भी वॉल्व बदला गया। इसकी वजह से गंदे पानी की आपूर्ति की शिकायत अपर जोन के मोहल्लों से प्राप्त हो रही थी।
जब से विभाग में अधिकारियो के फेरबदल का सिलसिला आरंभ हुआ है, तब से शहर की जलापूर्ति अफसरों की पकड़ में नहीं आ पा रही है। बीते कई दिनों तक बिजली की अंधाधुंध कटौती से जलापूर्ति बाधित रही। अब बिजली की आपूर्ति में सुधार हुआ तो अब टंकी के वॉल्व साथ नहीं दे रहे हैं। कसाई मंडी की टंकी का वॉल्व खराब होने से टंकी पूरी क्षमता के साथ नहीं भर पा रही थी। इसे कई सालों पहले बदला गया था, उसके बाद से इसी वॉल्व के सहारे टंकी खोली जा रही थी। सूत्र बताते हैं कि बीते कई दिनों से वॉल्व में लीकेज की शिकायत मिल रही थी। जिस पर विभागीय अफसर मौन थे। गांधीनगर टंकी का भी वॉल्व खराब होने से मोहल्ला नेहरू नगर, नई बस्ती सहित कई क्षेत्रों में गंदे पानी की आपूर्ति की शिकायत मिल रही थी। विभागीय अफसरों ने इसे बदलवा दिया है। अब कसाई मंडी की टंकी के वॉल्व को बदलना बाकी है। शनिवार को लोअर जोन के मोहल्ला चौबयाना, सरदारपुरा, महावीरपुरा, मऊठाना, श्रद्घानंदन पुरा, नारायणपुरा, पुरानी बजरिया में पानी का संकट खड़ा हो गया। यहां के लोगों को आसपास के हैंडपंपों से पानी भरना पड़ा।
दो घंटे तक सूखा रहा फिल्टर
नझाई बाजार स्थित फिल्टर प्लांट दो घंटे तक सूखा रहा। यहां के इंटेकवेल से कच्चे पानी की आपूर्ति नहीं हो सकी। बताया गया कि यहां बिजली की कटौती की वजह से कच्चा पानी उठाने में समस्या आई।
कसाई मंडी का वॉल्व खराब होने से पानी की आपूर्ति प्रभावित हुई। इसे सही कराया जा रहा है।
संजय निरंजन, अधिशासी अभियंता, जल संस्थान