ललितपुर। थाना बार क्षेत्र में हुई चोरियों व लूट के मामले में एसओजी और बार पुलिस की गिरफ्त में एक शातिर बदमाश आ गया है। उसके पास से चोरी के जेवर व 1,700 रुपये नकद बरामद हुए हैं। पूछताछ में उसने तालबेहट में हुई लूट के मामले में रैकी की बात स्वीकारी है। आगरा व दतिया के चार आरोपियों द्वारा लूट करना बताया।
शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में डेढ़ माह में लूट व चोरी की घटनाओं में बढ़ोत्तरी हो गई है। पांच दिन पहले तालबेहट के ग्राम तरगुवां में दो घरों से लाखों रुपये की लूट हुई थी। एसओजी व थाना बार पुलिस को चेकिंग के दौरान चोरियों के मामले में एक आरोपी ललितपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मैलवाराकलां निवासी मधु विक्रम को गिरफ्तार किया। पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार ने प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि आरोपी के कब्जे से चोरी की दो जोड़ी चांदी की पायलें, सोने की एक हाय व 1,700 रुपये नकद बरामद किए थे। उसके पास तमंचा व कारतूस भी बरामद किया गया था। पूछताछ में उसने बताया कि उसके दो साथी मध्य प्रदेश के दतिया और दो साथी आगरा के हैं, जो उसके घर चार-पांच दिन रुके थे। उसने यह भी बताया कि तालबेहट में हुई लूट चारों लोगों ने की थी, जिसकी रैकी उसने कराई थी। आरोपी से पूछताछ के दौरान पता चला है कि चोरों के गिरोह के तार झांसी, मुरैना, दतिया, शिवपुरी व सागर में जुड़े हैं।
-----------
आरोपी पर कई मामले हैं दर्ज
पकड़े गए आरोपी ग्राम मैलवाराकलां निवासी मधु विक्रम के खिलाफ पूर्व से दस आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें एनडीपीएस एक्ट, गैर इरादतन हत्या, चोरी, जुआ, गुंड ाएक्ट और आर्म्स एक्ट का मामला शामिल है। आरोपी के खिलाफ जीआरपी झांसी, कोतवाली ललितपुर, थाना बार व तालबेहट में मुकदमे दर्ज हैं।
-------
इस टीम को मिली सफलता
आरोपी को पकड़ने वाली टीम में एसओजी प्रभारी जितेंद्र सिंह चंदेल, प्रभारी निरीक्षक तालबेहट मनोज कुमार वर्मा, थानाध्यक्ष बार अंजनी कुमार सिंह, उपनिरीक्षक सर्विलांस राजबाबू, उपनिरीक्षक वीरेंद्र सिंह, सुनील कुमार, उमेश कुमार, अभय प्रताप सिंह, अमित पाठक, जायद अली व मनीष कुमार शामिल रहे।