संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। जमड़ार नदी में मिले युवक के शव के मामले में बृहस्पतिवार को मृतक के परिजनों ने पुलिस कार्यालय पहुंचकर विपक्षियों पर हत्या का केस दर्ज करने की मांग की। पुलिस अधिकारियों ने कार्रवाई का आश्वासन दिया, तब जाकर मृतक के परिजन शांत हुए।
थाना सौजना अंतर्गत ग्राम कोरवास निवासी धनीराम अहिरवार 13 अप्रैल को गांव के साथियों के साथ ग्राम कुम्हैड़ी स्थित अंजनी माता मंदिर पर चल रहा मेला देखने आया था। 14 अप्रैल को उसका शव जमड़ार नदी में संदिग्ध परिस्थिति में उतराता मिला था। परिजनों ने गांव के विपक्षियों पर हत्या करने का आरोप लगाया था और पुलिस से शिकायत की थी। कोई कार्रवाई न होने पर बृहस्पतिवार की दोपहर मृतक की पत्नी सहित एक दर्जन से अधिक लोग पुलिस कार्यालय पहुंचे।
उन्होंने बताया कि 13 अप्रैल को गांव के दो युवक धनीराम को अपनी बाइक पर बैठाकर ले गए थे। धनीराम ने आरोपियों के साथ जाने से मना भी किया था, लेकिन वे लोग जबरन ले गए थे। कुम्हैड़ी में दोनों आरोपियों ने धनीराम से मारपीट की थी। इसके दूसरे दिन 14 अप्रैल को धनीराम का शव जमड़ार नदी में मिला था। दोनों आरोपियों पर परिजनों ने धनीराम की हत्या करने का आराेप लगाया।
सीओ महरौनी रक्षपाल सिंह, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक महरौनी विनोद मिश्रा व थानाध्यक्ष सौजना पारुल चंदेल पुलिस कार्यालय पहुंचे। उन्होंने कार्रवाई का आश्वासन दिया। करीब दो घंटे बाद ग्रामीण पुलिस कार्यालय से लौटे।