ललितपुर। थाना नाराहट अंतर्गत ग्राम सत्तू (बारचौन के पास) में अपने पुत्र की ससुराल गए एक ग्रामीण की नहाते समय जामनी नदी में गिरने से मौत हो गई। नाराहट पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना कोतवाली अंतर्गत मोहल्ला नेहरुनगर निवासी कमलेश (50 ) पुत्र बारेलाल कुछ दिन पहले अपने बड़े पुत्र की ससुराल थाना नाराहट के ग्राम सत्तू गए थे। शुक्रवार की दोपहर में करीब तीन बजे वह शौच क्रिया को गया और गांव के पास से निकली जामनी नदी में नहाने लगा। इसी दौरान नदी में फिसलकर गिर गया और गहरे पानी में डूब गया। आसपास मौजूद गांव के बच्चों ने यह देख गांव व उसके पुत्र की ससुराल में परिजनों को घटना की जानकारी दी। जिस पर ग्रामीण व ससुराली परिजन मौके पर पहुंच गए और ग्रामीणों की मदद से उसे नदी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। नेहरुनगर से उसके पुत्र व अन्य परिजन भी गांव पहुंच गए और पुलिस को इसकी जानकारी दी। मृतक के बड़े पुत्र संतोष ने बताया कि उसके पिता दो वर्ष पहले मंडी में तौलामैन का काम करते थे, लेकिन बाद में मानसिक रुप से परेशान रहने के कारण उन्होंने काम छोड़ दिया था। उन्होंने बताया कि उसके पिता तैरना नहीं जानते थे। मृतक के दो पुत्र व एक पुत्री है।