ललितपुर। थाना बार अंतर्गत ग्राम बरौदाडांग में खेत पर टपरे में सो रहे ग्रामीण की जहरीले कीड़े के काटने से मौत हो गई। जानकारी मिलने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ग्राम बरौदाडांग निवासी गोरेलाल (35) पुत्र परसादी कुशवाहा अपने खेत में ही बने टपरे में ही रहता था। मंगलवार की रात को भी वह रोजाना की तरह टपरे में जाकर सो गया। सुबह जब वह काफी देर तक नहीं उठा तो परिजनों ने जाकर देखा तो वह मृत पड़ा हुआ था और उसके बाएं पैर में किसी जहरीले कीड़े के काटने से पैर पर निशान पड़ गए थे और पूरा पैर काला पड़ गया। इसके बाद परिजनों ने घटना की जानकारी बार पुलिस को दी। मृतक के चचेरे भाई जगदीश ने बताया कि वह मजदूरी करता था और उसकी पत्नी दिव्यांग है, जो बोल सुन भी नहीं सकती है और मृतक के दो पुत्र व एक पुत्री है।