ललितपुर। थाना कोतवाली अंतर्गत ग्राम दैलवारा में आम के पेड़ की डाल गिरने से एक ग्रामीण की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ग्राम दैलवारा निवासी विश्वनाथ सिंह बुंदेला (45) पुत्र रघुराज सिंह बुंदेला बुधवार की दोपहर लगभग एक बजे दुर्गा मंदिर के पास लगे आम के पेड़ की छांव में बैठा था। इसी दौरान अचानक आम के पेड़ की एक मोटी डाल टूटकर विश्वनाथ के ऊपर जा गिरी, जिससे वह उसके नीचे दबने से घायल होकर अचेत हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने पेड़ की डाल हटाई और विश्वनाथ को उठाकर जिला चिकित्सालय उपचार के लिए ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के तीन पुत्र हैं और वह खेती करके परिवार का भरण पोषण करता था।