परिजनों ने कहा - फसल खराब होने के सदमे में गई जान
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। संदिग्ध परिस्थिति में अचेत हुए ग्रामीण को उनके परिजन जिला अस्पताल लेकर आए। यहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के भाई ने गेहूं की फसल नष्ट होने के सदमे में मौत होने की बात कही है।
थाना बार अंतर्गत ग्राम कारीटोरन निवासी रघुवीर प्रजापति (50) को उनके परिजन बृहस्पतिवार को संदिग्ध परिस्थिति में अचेतावस्था में जिला अस्पताल लेकर आए। मृतक के भाई राजू प्रजापति ने बताया कि रघुवीर अपने खेत पर गेहूं की फसल देखने गए थे। घर लौटे तो हालत बिगड़ गई। परिजन जिला अस्पताल लेकर आए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक चार भाई-एक बहन में तीसरे नंबर के थे। उनके दो पुत्र और एक पुत्री है। पौने तीन एकड़ जमीन पर खेती किसानी कर अपने परिवार का पालन पोषण करते थे। थाना बार प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार वर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारण का पता चलेगा।