संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर/मड़ावरा। जंगल में महुआ बीनने जा रहे पिता पर जंगली भालू ने हमला कर उसका पैर जख्मी कर दिया। जबकि, पुत्र को पेड़ पर चढ़ाकर उसकी जान बचाई। हमले में घायल ग्रामीण को परिजनों ने अस्पताल पहुंचाया।
थाना गिरार अंतर्गत ग्राम सकरा निवासी रघुवीर (55) रविवार सुबह करीब पांच बजे अपने पुत्र के साथ जंगल में महुआ बीनने जा रहा था। वह जंगल में पहुंचे थे कि सामने अचानक जंगली भालू आ गया। यह देख रघुवीर ने अपने पुत्र को पेड़ पर चढ़ा दिया। वह स्वयं पेड़ पर चढ़ने लगा तो भालू ने हमला कर दिया। भालू के मुंह में रघुवीर का पैर आ गया। भालू के दांत रघुवीर के पैर में लगे और वह जख्मी अवस्था में ही पेड़ पर चढ़कर अपने आप को बचा पाया। पेड़ पर चढ़े पिता-पुत्र ने शोर मचाकर भालू को भगाया। इसके बाद दोनों पिता-पुत्र घर पहुंचे और परिजनों को बताया। इस घटना से जंगली क्षेत्र के किनारे बसे गांव के लोगों में दहशत है और वह जंगल में जाने से कतरा रहे हैं।