- फसल में पानी देते समय हुई घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। फसल में पानी देते समय थाना बानपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम तेरा निवासी 60 वर्षीय हरदास को सांप ने डस लिया। जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की।
मृतक के पुत्र लखन ने बताया कि बुधवार की रात को उसका पिता हरदास पुत्र हल्के कुशवाहा अपने खेत पर गेहूं की फसल में पानी दे रहा था। इसी बीच उसे सांप ने डस लिया। जिससे कुछ देर बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी। हरदास रात को अपने घर पहुंचा और परिजनों को जानकारी दी। परिजन तत्काल उनको लेकर मेडिकल कॉलेज आए। यहां चिकित्सकों ने उनके शरीर का परीक्षण करने के बाद मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की। मृतक तीन भाइयों में सबसे छोटा था और उसके एक पुत्र व दो पुत्रियां हैं। वह खेती किसानी करता था। थानाध्यक्ष बानपुर ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारण का पता चलेगा। आगे की कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।