संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। घर से बाहर निकले ग्रामीण को सांप ने डस लिया। झाड़फूंक कराने के बाद परिजन जिला अस्पताल लेकर आए, यहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
कोतवाली अंतर्गत ग्राम जिजयावन निवासी चित्तर सिंह (50) परिजनों संग खेत पर बने मकान में रहता था। रविवार रात वह घर में सो रहा था। देर रात वह शौचक्रिया के लिए उठा। इसी दौरान सांप ने उसे डस लिया। उसकी हालत बिगड़ने लगी। परिजन ने एक से दो घंटे तक झाड़फूंक कराई। लेकिन, हालत और बिगड़ गई। वे लोग जिला अस्पताल लेकर आए। यहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक चार भाई-तीन बहन में दूसरे नंबर का था और उसके तीन पुत्री व एक पुत्र है। वह डेढ़ एकड़ जमीन पर खेती किसानी करता था।