मड़ावरा/ललितपुर ग्रामीण क्षेत्रों में 45 वर्ष से ऊपर के आयु वर्ग वाले ग्रामीणों का टीकाकरण किया गया। इस दौरान साठ लोगों ने वैक्सीन लगवाई।
उपजिलाधिकारी एसपी सिंह एवं चिकित्साधीक्षक डॉ अशोक कुमार के नेतृत्व में क्षेत्र के दस विभिन्न गांवों में टीकाकरण टीम द्वारा 60 ग्रामीणों को कोविड वैक्सीन लगाई गई। बुधवार को स्वास्थ्यकर्मियों, लेखपाल, पंचायत सचिव, रोजगार सेवक, परिषदीय शिक्षक, आशा, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों द्वारा गांवों में पहुंचकर ग्रामीणों को टीकाकरण के लिए प्रेरित किया। ग्राम रनगांव, गिरार, इकौना, अर्जुनखिरिया में 10-10 एवं गिदवाहा केंद्र पर 20 ग्रामीणों का टीकाकरण किया गया। ग्राम इकौना, हंसरी, पीडार, कारिटोरन, ककरुवा, बमराना में टीकाकरण शून्य रहा। मड़ावरा सीएचसी पर 18 से 44 वर्ष के 90 तथा 45 वर्ष ऊपर आयु वर्ग के 10 नागरिकों का टीकाकरण किया गया। चिकित्साधीक्षक डॉ अशोक कुमार ने बताया कि आठ जून तक चलने वाले इस अभियान के तहत बृहस्पतिवार को ग्राम दैनपुरा, दौलतपुर, इमिलियाकला, गर्रौलीमाफ, भीकमपुर, बलना, सीरोंन, गोराकला, गोराकछया व छितरापुर में टीकाकरण किया जायेगा।
इसी तरह विकासखंड जखौरा के अंतर्गत ग्राम बादरौन में 45 वर्ष के ऊपर की आयु वर्ग के लोगों का टीकाकरण किया गया। बुधवार को 30 व्यक्तियों ने टीकाकरण कराया। सेक्टर मजिस्ट्रेट जमील अहमद खंड शिक्षा अधिकारी ने बताया कि पूर्व में लगाए गए कैंप में एक भी व्यक्ति टीकाकरण के लिए तैयार नहीं हुआ था। इसे ध्यान में रखकर ग्राम प्रधान अनिरुद्ध यादव, नत्थू राजा, लेखपाल नंदकिशोर, पंकज सोनी सचिव, आशा कार्यकर्ता सरोज ने लोगों को वैक्सीनेशन के लिए प्रोत्साहित किया। इसका परिणाम यह हुआ कि बुधवार को 30 व्यक्तियों ने टीकाकरण कराया। एएनएम का भी सहयोग रहा।