संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। स्टेडियम में बालक-बालिका वर्ग की पैदल चाल प्रतियोगिता आयोजित की गई। बालक वर्ग में विजय कुमार और बालिका वर्ग में तान्या प्रथम स्थान पर रहीं। प्रतियोगिता में 51 धावकों ने प्रतिभाग किया। विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कार दिया गया।
महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर स्पोर्ट स्टेडियम में पांच किलोमीटर बालक और तीन किलोमीटर बालिका वर्ग की पैदल चालक प्रतियोगिता हुई। बालक वर्ग में 38 और बालिका वर्ग में 13 प्रतिभागियों ने प्रतिभाग किया। डाॅ सुनीता दिवाकर और डाॅ शिव प्रकाश ने हरी झंडी दिखाकर पैदल चाल को रवाना किया।
बालक वर्ग में विजय कुमार प्रथम, सतीश पटेल द्वितीय व आयुष तृतीय स्थान पर रहे। बालिका वर्ग में तान्या प्रथम, जयंती पटेल दूसरे और सुमन तृतीय स्थान पर रहीं। बीएसए रणवीर सिंह, डॉ सुनीता दिवाकर व डाॅ शिव प्रकाश ने विजयी खिलाड़ियों को सम्मानित किया। बालक वर्ग में चौथे स्थान पर रहे रितिक, संजय, अंश साहू और बालिकाओं में ममता, पलक प्रजापति व माेनिका को सांत्वना पुरस्कार दिया गया। इस दौरान जिला क्रीड़ा अधिकारी रेखा रावत, जनार्दन शुक्ला, रविंद्र कुमार, अजरूद्दीन, दिव्या रिछारिया, शाहना परवीन, सामर्थ सचान, बलबीर सिंह आदि मौजूद रहे।
-
बीएसए ने दी स्पोर्ट किट : पैदल चाल प्रतियोगिता में अल्प आयु वर्ग के प्रतिभागी खिलाड़ी मनीषा राजपूत, पारस, देव व रितिक पटेल का खेल के प्रति जज्बा और जुनून देखकर बीएसए प्रभावित हुए। उन्होंने इन चारों खिलाड़ियों की तारीफ की और उन्हें प्रोत्साहन के रूप में स्पोर्ट किट प्रदान करते हुए पुरस्कृत किया।
-
स्वच्छता पखवाड़ा के तहत किया श्रमदान : 17 सितंबर से 2 अक्तूबर तक चले स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत स्टेडियम में प्रशिक्षकों, खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों, वरिष्ठ खिलाड़ियों सहित आमलोगों और स्टाफ ने स्वच्छता के लिए श्रमदान किया। साथ ही स्वच्छता अपनाने का संकल्प लिया।