संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। दुकान में घुसकर दुकानदार से मारपीट करने के मामले में पुलिस ने सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष के पुत्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मोहल्ला गांधीनगर नईबस्ती पुरानी चुंगी निवासी अनुराग जैन ने पुलिस को तहरीर दी। बताया कि एक अक्तूबर को वह गल्ला मंडी रोड के पास स्थित अपने चाचा अनिल कुमार जैन की दुकान में खाद की बिक्री कर रहा था। इसी दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष समाजवादी पार्टी आल्हा प्रसाद निरंजन का पुत्र आलोक उर्फ बॉबी निवासी ग्राम मिर्चवारा हाल निवासी पटेलनगर आया। उसके साथ चंचल पटेल निवासी ग्राम चढ़रऊ, अजय पटेल निवासी मिर्चवारा उसके पास आए। उससे एक लाख रुपये की अवैध मांग करने लगे। मना करने पर आरोपियों ने दुकान के अंदर घुसकर गाली गलौज कर लात घूंसों से मारपीट की। गला दबाकर जमीन पर गिरा दिया। दुकान में मौजूद लोगों ने उसे बचाया। आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।