ललितपुर। कलक्ट्रेट सभागार में प्रभारी जिलाधिकारी/ मुख्य विकास अधिकारी की मौजूदगी में जिला उद्योग बंधु की बैठक में बीघामहर्रा में दस एकड़ में औद्योगिक आस्थान बनाने के प्रस्ताव के बारे में उद्यमियों को अवगत कराया गया।
उपायुक्त उद्योग ने बताया कि जनपद के औद्योगिक विकास को दृष्टिगत रखकर जिलाधिकारी अन्नावि दिनेश कुमार ने रुचि लेते हुए नए औद्योगिक आस्थान के लिए वीघा महर्रा में 10 एकड़ से अधिक भूमि में भूखंड के विकास का प्रस्ताव उद्योग निदेशालय को प्रेषित किया जा चुका है। मार्च 2021 में ही जनपद में चार बड़ी दाल मिलों के विद्युत कनेक्शन किए गए। इन मिलों में लगभग 10 से 12 करोड़ रुपये का पूंजी विनियोजन उद्योग विभाग द्वारा कराया गया।
औद्योगिक आस्थान चंदेरा में सड़क पर स्थापित उद्यमियों के ट्रांसफार्मर एवं मीटर रूम अपने- अपने भूखंड की सीमा के अंदर स्थापित करने के निर्देश दिए गए। उपायुक्त उद्योग ने बताया कि इस वित्तीय वर्ष में विभाग द्वारा संचालित रोजगार परक योजनाओं, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, एक जनपद एक उत्पाद आदि सभी योजनाओं में पहली बार संपूर्ण वित्तीय लक्ष्य पूर्ण करा लिया गया है। ग्राम बांसी के निकट चल रहे जनरेटर के माध्यम से 8 से 10 क्रेशरों के लिए विद्युत की व्यवस्था कराने हेतु विद्युत विभाग द्वारा आगणन प्रस्ताव तैयार कर लिया गया है।
बैठक में प्रभारी डीएम अनिल कुमार पांडेय, अनिल कुमार मिश्र अपर जिलाधिकारी, अधिशाषी अभियंता विद्युत, परगना अधिकारी सदर, जिला ग्रामोद्योग अधिकारी, श्रम प्रवर्तन अधिकारी, नगर पालिका अधिकारी, कमलेश सर्राफ अध्यक्ष स्माल स्केल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन एवं उद्यमी उपस्थित रहे।