- कॉलेज प्रशासन ने जांच के लिए गठित की कमेटी
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। मेडिकल कॉलेज में खून बेचने का वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें एक व्यक्ति 4800 रुपये में खून दिलाने की बात कह रहा है। वायरल वीडियो होने के बाद मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने जांच के लिए कमेटी गठित कर दी है। प्राचार्य ने बताया कि जांच रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
ब्लॉक जखौरा अंतर्गत ग्राम खड़ोवरा निवासी देवेंद्र (15) को बुखार आ रहा था। परिजन उसे इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज लेकर आए। यहां चिकित्सकों ने जांच कर हीमोग्लोबिन कम होने पर भर्ती करने की सलाह दी। चार यूनिट रक्त का इंतजाम करने के लिए कहा। एक यूनिट खून तो मरीज की बहन पूनम ने दे दिया। 27 जून को स्टॉफ ने बताया कि फिर से खून चढ़ाना पड़ेगा। जल्दी इंतजाम करो। मरीज के मामा और मौसा घबरा गए। इसी बीच, वार्ड के स्टाफ कक्ष में मौजूद दलाल ने एक यूनिट रक्त दिलाने के एवज में साढ़े चार हजार रुपये की मांग की। पैसे देने पर दलाल पर्चा लेकर गया और कुछ देर बाद रक्त लेकर आ गया। फिर 29 जून 2024 को पुन: एक यूनिट की जरूरत पड़ी तो दलाल ने 4800 रुपये की मांग की। मरीज के भाई के गिड़गिड़ाने पर 4500 रुपये में ही बात बन गई। इसी बीच किसी ने ये वीडियो बना लिया और उसे वायरल कर दिया।
-
पहले भी वायरल हो चुका वीडियो, डिप्टी सीएम ने दिए थे कार्रवाई के निर्देश
19 फरवरी 2024 को भी खून बेचने का एक वीडियो वायरल हुआ था। इसमें मरीज के परिजन को ओ पॉजिटिव ग्रुप का ब्लड देने के एवज में पांच हजार रुपये की मांग की गई थी। इस प्रकरण में एक व्यक्ति को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया था। मामला शासन तक पहुंचा तो उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने प्राचार्य को जांच कराकर कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे।
-
वर्जन..
मेडिकल कॉलेज परिसर में खून दिलाने के एवज में 4800 रुपये की मांग करने का एक वीडियो वायरल होने की जानकारी मिली है। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को जांच के निर्देश दे दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी। - डाॅ. डीनाथ, प्राचार्य, स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय ललितपुर।