- आंगनबाड़ी विभाग में नौकरी लगवाने के नाम पर महिलाओं ने हड़पे थे लाखों रुपये
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। आंगनबाड़ी विभाग में नौकरी लगवाने के नाम पर महिलाओं से लाखों रुपये लेकर हड़पने और फर्जी प्रशिक्षण पत्र भेजकर धोखाधड़ी करने के मामले में वांछित चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।
वर्ष 2021 में आंगनबाड़ी विभाग में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायक कार्यकर्ता, सुपरवाइजर की नौकरी लगवाने के नाम पर शहर के मोहल्ला रावतयाना निवासी बसंतराज गुप्ता ने 40 से अधिक महिलाओं से पद के हिसाब से पचास हजार, एक लाख, डेढ़ लाख रुपये ले लिए थे। इसके बाद उन्हें कूटरचित दस्तावेज देकर प्रशिक्षण केंद्र कानपुर भेज दिया था। यहां महिलाओं को पता चला कि उनके साथ धोखाधड़ी हुई है। महिलाओं ने जब आरोपी बसंतराज गुप्ता से रुपये मांगे तो उसने अपने हस्ताक्षर युक्त चेक दिए। महिलाओं ने जब उक्त चेक को बैंक में जमा किया तो खाते में रुपये ही नहीं थे। इसके बाद वह रुपया देने के लिए टालता रहा था। इस पर महिलाओं ने एसपी से इसकी शिकायत की थी। जिसके बाद थाना नाराहट, तालबेहट और कोतवाली सदर में आरोपी बसंतराज गुप्ता व उसके साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुए थे। महिलाओं से नौकरी के नाम पर लाखों रुपये हड़पने वाले आरोपी बसंतराज को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस टीम जुट गई थीं। लेकिन सफल नहीं हो पा रही थी। जिस पर एसपी मोहम्मद मुश्ताक ने बसंतराज गुप्ता की गिरफ्तारी पर पहले बीस हजार रुपये और इसके बाद इसे बढ़ाकर 50 हजार रुपये कर दिया था। पुलिस टीमें लगातार वांछित आरोपी की तलाश में जुटी हुई थीं। सोमवार की सुबह थाना नाराहट पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर वांछित बसंतराज गुप्ता को कैलगुवां तिराहा के पास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया गया।