गाली गलौज करने का वीडियो वायरल, भड़के सभासद
ललितपुर। नगर पालिका परिषद के सभासदों को गाली-गलौज करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। इसे देख असंतुष्ट सभासदों में रोष है। उन्होंने आरोप लगाया है कि अध्यक्ष पति नगर पालिका के कार्यों में दखलदांजी बनाए हुए हैं। इसका जीता जागता उदाहरण वायरल हुआ वीडियो है। इसमें वह सभासदों को भला-बुरा कहते दिख रहे हैं। इतना ही नहीं, विभागीय कर्मियों को निर्देश दे रहे हैं, जबकि जिलाधिकारी ने उनके नगर पालिका कार्यालय में जाने पर रोक लगा रखी है।
नगर पालिका परिषद के पांच सभासद अध्यक्ष की कार्यप्रणाली से बेहद खफा चल रहे हैं। बीते माह में उन्होंने नगर पालिका में बरती जा रही अनियमितताओं की शिकायत की थी, इस पर डीएम मानवेंद्र सिंह ने जांच अधिकारी एसडीएम सदर गजल भारद्वाज को बनाया है। बीते दिनों एसडीएम सदर ने एक बिंदु की जांच डीएम को सौंप दी थी। जिस पर आउट सोर्सिग ठेकेदार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज दर्ज कराई जा चुकी है। इससे अध्यक्ष व असंतुष्ट सभासदों में तनातनी बढ़ गई है।
अगले सप्ताह होने वाली बैठक हंगामेदार होने की संभावना जताई जा रही थी कि इससे पहले एक वीडियो वायरल हो गया है, जिसमें सभासदों के खिलाफ अभद्र टिप्पणी की जा रही है। इस बात को लेकर असंतुष्ट सभासदों में रोष फैल गया है। सभासद भारत भूषण चौरसिया (भीम) ने इस कृत्य पर अध्यक्ष पति की भर्त्सना की है। उनका कहना है कि अध्यक्ष पति चैंबर में बैठकर वीडियो में सभासदों को गाली-गलौज करते दिख रहे हैं। यही नहीं, वे नगर पालिका कर्मियों को पांच सभासदों को किसी प्रकार का सहयोग नहीं करने का आदेश देते नजर आ रहे हैं, जबकि जिलाधिकारी ने पहले ही अध्यक्ष पति घनश्याम साहू के प्रवेश पर रोक लगा रखी है। इसके बाद भी वह अध्यक्ष के चैंबर में बैठकर पत्रावलियों का अवलोकन करते हैं और कर्मचारियों को फेरबदल के लिए निर्देशित करते हैं। सभासदों का कहना है कि पूरे मामले को जिलाधिकारी के समक्ष रखा जाएगा और जरूरत पड़ी तो अभद्र टिप्पणी के मामले में प्राथमिकी दर्ज कराने से पीछे नहीं हटेंगे।
ये हैं आदेश
14 सितंबर 2018 को जिला मजिस्ट्रेट ने नगर पालिका अध्यक्ष को पत्र लिखकर निर्वाचित महिला पदाधिकारियों के पति व संबंधियों का प्रशासनिक कार्यों में हस्तक्षेप रोकने के लिए कहा था। इसमें अध्यक्ष पति का नाम स्पष्ट रूप से लिखा गया था। डीएम ने प्रशासकीय कार्यों में किसी बाहरी व्यक्ति के हस्तक्षेप को पूर्णतया नियमों के प्रतिकूल माना था। इसके बाद पति व संबंधी पालिका जाने से कतराने लगे थे। अब एक बार फिर सभासदों ने अध्यक्ष पति को इस मामले में घेर लिया है।
नगर पालिका परिषद कार्यालय का बनाया गया वीडियो वायरल होने की जानकारी नहीं है। अध्यक्ष पति के विभागीय कार्य में दखल नहीं दिया जाता है।
- मधुसूदन जायसवाल, अधिशासी अधिकारी
नगर पालिका परिषद
पार्षद भीम चौरसिया कार्यालय एवं बोर्ड बैठक में छिपकर वीडियो बनाते हैं। यही नहीं, कार्यालय में बैठकर ध्रूमपान करते हैं। कर्मचारी मना करते हैं तो वह उनसे झगड़ने पर आमादा हो जाते हैं।
- रजनी साहू, अध्यक्ष
नगर पालिका परिषद