झांसी। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत नगर पंचायत बड़ागांव में लाभार्थियों के आवेदनों का सत्यापन समय से पूरा नहीं हो पा रहा है। योजना के यूनिफाइड वेब पोर्टल से प्राप्त 64 फीसदी आवेदन पत्रों का सत्यापन लंबित है। अब डूडा ने तहसील प्रशासन और नगर पंचायत बड़ागांव को तीन दिन में सत्यापन पूरा कराने के निर्देश दिए हैं।
डूडा की परियोजना निदेशक की ओर से एसडीएम सदर को भेजे पत्र में बताया गया कि नगर पंचायत बड़ागांव में योजना के तहत 565 आवेदन प्राप्त हुए थे। इनमें 193 आवेदनों की जांच/सत्यापन पहले ही कराया जा चुका है, जबकि 372 आवेदन लंबित हैं। संबंधित अधिकारियों से इन आवेदनों का स्थलीय/अभिलेखीय सत्यापन कराकर सूची उपलब्ध कराने के लिए कहा गया है।
अंतिम दो सूची में एक भी सत्यापन नहीं
पहले चरण में भेजी गई सूची के सभी 17 आवेदनों का सत्यापन हो चुका है। इसी तरह, दूसरी सूची में 14 में से पांच, तीसरी में 182 में से 50 लंबित, चौथी में 150 में से 116, पांचवीं में 51 में से 50, छठी में सभी 10 और सातवीं में सभी 141 में आवेदनों का सत्यापन नहीं हुआ है। डूडा ने निर्देश दिए हैं कि शेष 372 आवेदनों का सत्यापन तीन कार्य दिवस में पूरा कर सूची कार्यालय को उपलब्ध कराई जाए।