संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। आगामी 12 मार्च को वंदे भारत ट्रेन की सौगात मिल रही है। प्रधानमंत्री एक कार्यक्रम के दौरान इसकी घोषणा करेंगे। यहां रेलवे स्टेशन पर इसकी तैयारियां प्रारंभ हो गई हैं। यह ट्रेन हजरत निजामुद्दीन स्टेशन से खजुराहो तक चलाई जाएगी। इसका ठहराव ललितपुर रेलवे स्टेशन पर सुनिश्चित किया गया है। सेमी हाईस्पीड ट्रेन की सौगात मिलने की सूचना से जिलावासियों में खुशी की लहर है।
रेलवे सेमी हाईस्पीड ट्रेनों का संचालन कर रही है। वंदे भारत नाम से संचालित इन ट्रेनों का जनपद में ठहराव नहीं था। लेकिन, अब निजामुद्दीन स्टेशन से खजुराहो के बीच चलाई जाने वाली ट्रेन का ललितपुर के अलावा टीकमगढ़ व छतरपुर स्टेशन पर ठहराव होगा। प्रधानमंत्री 12 मार्च को रेलवे की विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण करेंगे। इसी दिन इस ट्रेन की भी सौगात मिलने जा रही है। हालांकि, रेलवे अधिकारी अभी वंदे भारत ट्रेन को लेकर आधिकारिक बयान नहीं दे रहे हैं, लेकिन ट्रेन के संचालन के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शताब्दी के बाद एक और तेज रफ्तार ट्रेन की सौगात जनपदवासियों को मिलेगी।