ललितपुर। ‘वेलेंटाइन वीक’ का शुक्रवार को पहला दिन है। फरवरी माह की सात तारीख से शुरू होते ही इस वीक की शुरुआत हो जाती है। पहला दिन ‘रोज डे’ के नाम से जाना जाता है। इस दिन की शुरुआत गुलाब की खुशबू और खूबसूरती के साथ होती है। प्रेमी और विवाहित जोड़े एक-दूसरे को गुलाब देकर अपने प्यार का इजहार करते हैं।
प्यार व रोमांस को समर्पित वेलेंटाइन सप्ताह आज (7 फरवरी) से शुरू हो रहा है और 14 फरवरी तक चलता है। इसकी शुरुआत रोज डे से होती है। फरवरी प्रेम का महीना माना जाता है। अगर आप मुहब्बत की खुशबू से महकना चाहते हैं या किसी को महकाना चाहते हैं, तो गुलाब के फूल का सहारा ले सकते हैं। देसी गुलाब की लाल-गुलाबी आभा और इसकी सुगंध इसे फूलों का राजा बनाती है। यही वजह है कि वैलेंटाइन डे के आसपास इसकी डिमांड बेहद बढ़ जाती है। शास्त्रों में भी माना गया है कि घर में गुलाब का एक पौधा लगाने से न सिर्फ इसकी खूबसूरती बढ़ती है, बल्कि यह घर में सुख और प्रेम भाव भी बढ़ाता है।
लव व फीलिंग्स के महकते कॉम्बिनेशन रोज डे पर शुभकामनाओं का दौर रात 12 बजे से शुरू हो जाता है। कोई अपनी प्रेमिका को रोज डे विश करता है तो कोई भावनात्मक रूप से किसी अजनबी से जुड़ने के लिए उसकी तारीफ गुलाब के फूल से तुलना कर गुलाब भेजता है। अगर आपका भी दिल किसी के लिए धड़क रहा है और उससे अभी तक अपना हाल नहीं बता पाए हैं तो इस दिन एक गुलाब के जरिए अपनी सारी बात कह सकते हैं। इस बात को जरूर ध्यान में रखें कि प्यार का इजहार केवल लाल गुलाब से ही किया जाता है। दोस्त, पड़ोसी, पति-पत्नी, बहन, भाई बहुत से ऐसे रिश्ते हैं, जो हमारे लिए बहुत खास हैं, हर रिश्ते के लिए बाजार में अलग रंग का गुलाब मौजूद है। इन गुलाबों को आप अपने रिश्ते के अनुसार चयन कर अपने खास लोगों को भेंट कर सकते हैं।
प्यार की शुरुआत गुलाब का फूल देकर करने के पीछे यह माना जाता है कि प्राचीन काल में अपनी भावनाएं जताने के लिए एक-दूसरे को गुलाब का फूल देते थे। गुलाब के फूल कई रंग के होते हैं जिनमें लाल रंग के गुलाब का इस्तेमाल सबसे ज्यादा प्यार का इजहार करने के लिए किया जाता है।
- वेलेंटाइन वीक
7 फरवरी को रोज डे, 8 फरवरी को प्रपोज डे, 9 फरवरी को चॉकलेट डे,10 को टेडी डे, 11 फरवरी को प्रामिस डे, 12 फरवरी को हग डे और 13 फरवरी को किस डे है। 14 फरवरी को वेलेंटाइन डे है। युवक-युवतियां इन दिनों को खूबसूरत बनाने के लिए बेताब दिख रहे हैं। पहला दिन रोज डे पर लाल गुलाब का अलग क्रेज रहेगा। फूलों की दुकानें गुलाब से सज गई हैं।
आज रोज डे है, युवा दिल इस दिन प्यार के रूप में या दोस्त के रूप में अपना साथी चुनने के लिए पीले, लाल, सफेद, गुलाबी रंग के गुलाबों का सहारा लेते हैं। कभी उनकी यह प्यारी कोशिश कामयाब हो जाती है तो कभी नहीं भी हो पाती। आज के दिन युवा नए यार बनाने का प्रयास करते हैं।
- विनीत पुरोहित
प्यार के इस त्योहार के सेलिब्रेशन का पहला दिन (रोज डे) आ गया है। वेलेंटाइन की तरह ही रोज डे भी रिश्तों को एकसूत्र में पिरोने का सशक्त माध्यम है। हर व्यक्ति के लिए हर रिश्ता एक नया रूप लिए हुए होता है।
- बंटी
वैलेंटाइन वीक खास है। इसको लेकर पहले से तैयारी शुरू हो जाती है। अपने प्रिय को कैसा उपहार देना है और कौन सी ड्रेस पहननी इसकी योजना बनाई जा रही है। इस दिन तो सुंदर दिखना है। इसलिए शॉपिंग भी की है।
- शिवजीत कुशवाहा
हर नए रिश्ते का आगाज खूबसूरत तोहफे के साथ करने का रिवाज हमारी परंपराओं में बरसों से रहा है। क्यों न किसी अजनबी, लेकिन अपना सा लगने वाले शख्स को साथी बनाने के लिए उसे एक मुस्कुराता हुआ गुलाब दे दिया जाए। हो सकता है रोज डे से शुरू हुआ यह रोमांटिक सफर, गुलाब की तरह आपकी मन-बगिया में ताउम्र महकता रहे।
- प्रतीक कुमार
आज रोज डे है, रेड रोज प्यार का प्रतीक होता है। मां से ज्यादा प्यार कोई कर ही नहीं सकता। इसलिए आज के दिन सभी को अपनी मां को रोज देकर उनका आर्शीवाद लेना चाहिए।
- अंकित तिवारी
-------------------------------