ललितपुर। जिले में कोविड-19 के टीकाकरण करने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य कर्मियों को प्रशिक्षण दिया गया। इसमें दवा के रखरखाव व टीकाकरण करने के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में जानकारी दी गई। पहले चरण में चिकित्सकों से लेकर आशा, आंगनबाड़ी कर्मचारियों का टीकाकरण किया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग ने शासन की गाइड लाइन के अनुसार कोविड -19 वैक्सीन के रखरखाव और टीकाकरण के लिए स्वास्थ्य कर्मियों को प्रशिक्षण दिया। इसमें जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. हुसैन खान ने जिला मुख्यालय पर ब्लाकों के एमओआईसी, बीसीपीएम, बीपीएम, हैल्थ शिक्षा अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया गया है।
प्रशिक्षण में दवा के रखरखाव करने में बताया कि दवा को न्यूनतम दो व अधिक आठ तापमान में रखना है। इसके उपयोग करने की जानकारी दी गई। इसके अलावा बताया कि कोविड वैक्सीन के टीकाकरण के दौरान मास्क व सैनिटाइजर का उपयोग करने के निर्देश दिए जाए। इस दौरान सामाजिक दूरी का पालन करना अधिक जरूरी है।
वहीं, डाटा इंट्री ऑपरेटर को प्रशिक्षण दिया गया। टीकाकरण होने पर स्वास्थ्य कर्मियों का डाटा हार्ड कॉपी के साथ ही तुरंत कोविन पोर्टल पर डाटा अपलोड किया जाए, जिससे टीकाकरण में किसी भी प्रकार की देरी न हो।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. डीके गर्ग ने बताया कि मुख्यालय पर प्रशिक्षण लेने के बाद सभी एमओआईसी व बीसीपीएम और स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी द्वारा ब्लॉक स्तर सभी टीकाकरण करने वालीं एएनएम को प्रशिक्षित किया जा रहा है। जिले में 633 सरकारी स्वास्थ्य कर्मी व 152 निजी स्वास्थ्य कर्मियों को प्रशिक्षण दिया गया है। इस तरह कोविड-19 वैक्सीन के टीकाकरण का कार्य 785 स्वास्थ्य कर्मी करेंगे।
----
प्रथम चरण में इन्हें लगाया जाएगा टीका
वैक्सीन के प्रथम चरण में स्वास्थ्य कर्मियों को टीका लगाया जाएगा। इसमें चिकित्सक, फार्मासिस्ट, वार्डव्याय, स्टाफ नर्स, स्वीपर, आशा, आंगनबाड़ी आदि सभी स्वास्थ्य कर्मियों को टीका लगाया जाएगा।
----
एक लाख 88 हजार सिरेंज आईं
स्वास्थ्य विभाग ने कोविड-19 वैक्सीन के टीकाकरण का कार्य 80 से 90 प्रतिशत पूरा कर लिया है। दवा को रखने के लिए आईएलआर भी आ गए हैं। वहीं, टीकाकरण के लिए एक लाख 88 हजार सीरेंज आ गई। वैक्सीन आने के बाद शासन की गाइड लाइन के अनुसार टीकाकरण किया जाएगा।
- डा. डीके गर्ग
मुख्य चिकित्सा अधिकारी