ललितपुर। मध्याह्न भोजन योजना के तहत जिले के 1198 परिषदीय विद्यालयों में 2.15 करोड़ से बर्तन खरीदे जाएंगे। छात्रांकन के हिसाब से विद्यालयों के लिए धनराशि मध्याह्न भोजन के खाते में पहुंचाई जाएगी। शासन से पैसा मिलने के बाद विद्यालयों में पहुंचाने की प्रक्रिया बेसिक शिक्षा विभाग ने शुरू कर दी है।
जनपद में 1357 परिषदीय और कंपोजिट विद्यालय हैं। इनमें करीब 1.36 लाख छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। स्कूलों में पंजीकृत छात्रों की उपस्थिति शत-प्रतिशत बनी रहे। इसके लिए शासन की ओर से कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। इसमें किताबें, वर्क बुक नि:शुल्क दी जाती है। डीबीटी के जरिए अभिभावकों के खाते में जूते, मोजा, बैग, ड्रेस, स्वेटर, पेंसिल के लिए 1200 रुपये प्रति छात्र के हिसाब से भेजे जाते हैं। मिड-डे-मील योजना के तहत बच्चों को विद्यालय में ही गर्म खाना खिलाया जाता है। जो कि मेन्यू के अनुसार बनाया जाता है। अब शासन ने मध्याह्न भोजन बनाने और खाना खाने के लिए थाली सहित अन्य बर्तन खरीदने के लिए 2.15 करोड़ रुपये जारी किए हैं। ये धनराशि जिले के 1198 परिषदीय विद्यालयों के मध्याह्न भोजन खाते में विद्यालयों में छात्रों के नामांकन के हिसाब से भेजी जाएगी। इसमें तीन नवीन विद्यालय भी शामिल किए गए हैं। बेसिक शिक्षा विभाग ने स्कूलों के लिए धनराशि भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
एल्यूमिनियम नहीं, अब स्टील के बर्तन में पकेगा खाना
अभी तक मध्याह्न भोजन विद्यालयों में एल्यूमिनियम के बर्तनों में पकाया जाता था। लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। अब स्टील के बर्तन में खाना पकेगा।
छात्रों के नामांकन के हिसाब से तय की गई धनराशि
छात्रों की संख्या - निर्धारित धनराशि - कुल विद्यालय
1 से 50 तक छात्र - 10 हजार रुपये - 27
51 से 150 तक छात्र - 15 हजार रुपये - 524
151 से 250 तक छात्र - 20 हजार रुपये - 303
250 से अधिक छात्र - 25 हजार रुपये - 141
मध्याह्न भोजन योजना के तहत जिले के 1198 परिषदीय विद्यालयों में 2.15 करोड़ से बर्तन खरीदकर दिए जाएंगे। विद्यालयों के लिए धनराशि छात्रांकन के हिसाब से मध्याह्न भोजन के खाते में पहुंचाई जाएगी। - कपिल दुबे, जिला समन्वयक, मिड-डे मील योजना।